Top News

शाहजहांपुर: आयुर्वेद दिवस पर टीवी क्लीनिक में दिलाई गई स्वास्थ्य जीवन की शपथ


आयुर्वेद दिवस पर टीबी क्लीनिक में दिलाई गई स्वस्थ जीवन की शपथ, रेडक्रॉस ने बांटे मास्क

उत्तर प्रदेश/शाहजहांपुर। 

जिलाधिकारी के निर्देश पर राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस के अवसर पर जिला क्षय रोग अधिकारी कार्यालय स्थित टीबी क्लीनिक में स्वस्थ जीवन एवं टीबी मुक्त भारत के लिए सामूहिक शपथ कार्यक्रम आयोजित किया गया।

भारत सरकार एवं उत्तर प्रदेश शासन की मंशा के अनुरूप स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से आयोजित यह कार्यक्रम जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. करण सिंह के मार्गदर्शन में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में जिला उप क्षय रोग अधिकारी डॉ. फैसल, जिला स्वास्थ्य शिक्षा एवं सूचना अधिकारी अफरोज अहमद, मेडिकल कॉलेज आयुष विंग के चिकित्साधिकारी डॉ. राजेन्द्र कुशवाहा तथा इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी, शाखा शाहजहांपुर के सचिव डॉ. विजय जौहरी विशेष रूप से उपस्थित रहे।

इस अवसर पर इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी के सचिव एवं अखिल भारतीय आयुर्वेद महासम्मेलन के जिलाध्यक्ष डॉ. विजय जौहरी ने उपस्थित चिकित्सकों, कर्मचारियों, उपचाररत टीबी रोगियों तथा उनके परिजनों को राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस की इस वर्ष की थीम "स्वस्थ भविष्य के लिए आयुर्वेद" के अनुरूप स्वस्थ जीवन का संकल्प दिलाया।

संकल्प में स्वस्थ आहार-विहार, नियमित दिनचर्या, पर्याप्त विश्राम, स्वच्छता, योग, सकारात्मक सोच तथा स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने पर जोर दिया गया। उपस्थित लोगों ने रोग होने की प्रतीक्षा न करते हुए पहले से ही रोग-प्रतिरोधक क्षमता बनाए रखने और संचारी रोगों से बचाव का संकल्प लिया।

वहीं टीबी रोगियों ने चिकित्सक द्वारा निर्धारित उपचार एवं दवाओं का नियमित रूप से निर्धारित अवधि तक पालन करने तथा बिना चिकित्सकीय सलाह के उपचार बंद न करने की शपथ ली। साथ ही टीबी को लेकर भेदभाव और भ्रांतियों को दूर करने का भी प्रण लिया गया।

कार्यक्रम के दौरान इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी द्वारा सभी उपस्थित रोगियों, परिजनों, चिकित्सकों एवं कर्मचारियों को निःशुल्क मास्क वितरित किए गए और संक्रमण से बचाव के लिए सावधानियां बरतने की अपील की गई।

इस अवसर पर डॉ. विजय जौहरी ने कहा कि "स्वस्थ भविष्य के लिए आयुर्वेद का संदेश स्वस्थ जीवनशैली और रोगों से बचाव के प्रति जागरूकता का संदेश है। टीबी मुक्त भारत के लक्ष्य के लिए नियमित उपचार के साथ-साथ पोषण, स्वच्छता और समाज के सहयोग की आवश्यकता है।"

कार्यक्रम में आशीष श्रीवास्तव, रजनीश सक्सेना, सिद्धार्थ गुप्ता, सुभाष खन्ना, निर्दोष, मुरारी दीक्षित, अवनीश कुमार सक्सेना, बृजेश गुप्ता सहित जिला क्षय रोग चिकित्सालय के चिकित्सक, कर्मचारी, उपचाररत टीबी रोगी व उनके परिजन उपस्थित रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post

🎧 LIVE FM RADIO




🔊 Volume