Top News

शाहजहांपुर: भारी बारिश से किसानों की बर्बादी बीजेपी विधायक अरविन्द सिंह ने लिखा सीएम को पत्र

 

विधायक अरविंद सिंह किसानों के साथ खड़े हुए, सीएम से मांगी तत्काल राहत

उत्तर प्रदेश/शाहजहांपुर। 

पिछले 40 से 48 घंटे से तेज हवाओं के साथ हो रही मूसलाधार बारिश ने पूरे शाहजहांपुर जनपद की फसलों को बर्बाद कर दिया है। सदर, जलालाबाद, ददरौल, तिलहर, पुवायां और कलान सभी तहसीलों में धान, मक्का, बाजरा, गन्ना और तिल की पकी हुई फसल खेतों में गिर गई है। कई खेतों में पानी भरने से फसल सड़ने और दाने काले पड़ने का खतरा बढ़ गया है।

लगातार बारिश से जनजीवन भी अस्त-व्यस्त है। किसानों का कहना है कि महीनों की मेहनत और खाद-बीज पर लगाया पैसा पानी में डूब गया है। पूरे जिले में लाखों किसान प्रभावित हैं और लाखों का नुकसान बताया जा रहा है।

मौके पर पहुंचे ददरौल विधायक अरविंद कुमार सिंह ने लिया जायजा

फसल बर्बादी की सूचना पर ददरौल से भाजपा विधायक अरविंद कुमार सिंह किसानों के बीच पहुंचे और खेतों में जाकर नुकसान का जायजा लिया। किसानों ने उन्हें बताया कि कटाई से ठीक पहले आई इस आपदा से 80 से 90 प्रतिशत तक फसल चौपट हो गई है।


मुख्यमंत्री को भेजा पत्र, रखीं 3 बड़ी मांगें

विधायक अरविंद सिंह ने किसानों की स्थिति को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर तत्काल राहत की मांग की है। पत्र में उन्होंने कहा है कि ददरौल विधानसभा सहित पूरे जिले में 48 घंटे से लगातार बारिश और आंधी-तूफान से हजारों किसान परिवारों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।

बीजेपी विधायक अरविन्द सिंह ने मुख्यमंत्री से तीन प्रमुख मांगें की हैं -

1. 80-90% प्रभावित किसानों को राज्य आपदा राहत कोष से तत्काल आर्थिक सहायता दी जाए।

2. प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना में पंजीकृत किसानों के बीमा क्लेम का प्राथमिकता पर निस्तारण कराया जाए।

3. प्रभावित किसानों के वर्तमान कृषि ऋण की वसूली तत्काल प्रभाव से स्थगित की जाए।

जिलाधिकारी ने भी दिए सर्वे के आदेश

इससे पहले जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने भी भारी बारिश को देखते हुए वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बैठक कर सभी लेखपालों को 24 घंटे के अंदर फसल क्षति का सर्वे कर पोर्टल पर फीड करने के निर्देश दिए हैं ताकि किसानों को जल्द मुआवजा मिल सके।

किसानों ने प्रशासन से अपील की है कि जल्द से जल्द सर्वे पूरा कराकर उन्हें मुआवजा और बीमा का लाभ दिलाया जाए।

Post a Comment

Previous Post Next Post

🎧 LIVE FM RADIO




🔊 Volume