लाखों किसानों की हजारों एकड़ फसल जलमग्न, नदियों ने भी बढ़ाई टेंशन
उत्तर प्रदेश/शाहजहाँपुर।
पिछले 48 घंटों से हो रही भारी बारिश ने जनपद में जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। एक तरफ जहां किसानों की हजारों एकड़ धान, गन्ना और सब्जी की फसलें जलमग्न हो गई हैं, जिससे लाखों किसानों को लाखों रुपये के नुकसान की आशंका है, वहीं शहर से लेकर गांव तक रास्तों पर पानी भरने से आवागमन ठप सा हो गया है।
बाढ़ नियंत्रण कक्ष की रिपोर्ट: खतरे के निशान के करीब नदियां
जल निगम / बाढ़ नियंत्रण कक्ष, शारदा नहर खण्ड शाहजहाँपुर द्वारा रविवार प्रातः 8 बजे जारी रिपोर्ट के अनुसार जनपद की सभी प्रमुख नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है:
• गर्रा नदी (अजीजगंज पुल): वर्तमान जलस्तर 147.50 मीटर, खतरे का निशान 148.80 मीटर से मात्र 1.30 मीटर नीचे। पिछले 24 घंटे में 2.30 मीटर की भारी बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
• रामगंगा नदी (डबरी घाट): वर्तमान जलस्तर 137.02 मीटर, खतरे के निशान 137.30 मीटर से मात्र 0.28 मीटर नीचे। 24 घंटे में 1.15 मीटर की वृद्धि।
• खन्नौत नदी (लोधीपुर पुल): वर्तमान जलस्तर 145.40 मीटर, खतरे का निशान 145.75 मीटर से मात्र 0.35 मीटर नीचे। 24 घंटे में 1.15 मीटर की वृद्धि।
• गंगा नदी (भैंसार ढाई घाट तटबंध): वर्तमान जलस्तर 142.22 मीटर, खतरे के निशान से 1.43 मीटर नीचे, स्थिर बनी हुई है।
रिपोर्ट के अनुसार दूनी बैराज से गर्रा नदी में 22,946 क्यूसेक पानी डिस्चार्ज हो रहा है। वहीं कटना नदी में 5,600 क्यूसेक, खखरा नदी में 650 क्यूसेक और खन्नौत नदी में 4,700 क्यूसेक पानी प्रवाहित हो रहा है, जो सभी आकर गर्रा नदी में मिलता है। इससे गर्रा नदी के तटीय गांवों में बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है।
मौसम विभाग का अलर्ट: राहत नहीं, और होगी भारी बारिश
भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार 27 सितंबर को पूर्वी उत्तर प्रदेश में भारी से बेहद भारी बारिश की संभावना है, जो 28 सितंबर को भी जारी रहेगी। शाहजहाँपुर में रविवार को भी भारी बारिश की संभावना 90 प्रतिशत है। मौसम विभाग ने यूपी के कई जिलों के लिए ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है।
लगातार बारिश से निचले इलाकों में घरों में पानी घुस गया है, स्कूलों में अवकाश जैसे हालात बन गए हैं और किसान खेतों में खड़ी फसल को बचाने के लिए बेबस नजर आ रहे हैं।
प्रशासन ने बाढ़ नियंत्रण कक्ष को सक्रिय कर दिया है और नदी के तटीय गांवों के ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील की है।



Post a Comment