बिना अनुमति के प्रदर्शन पर पुलिस ने समाप्त कराया
मिर्जापुर/शाहजहांपुर
मुख्य सड़क से गांव होते हुए परिषदीय स्कूल तक जाने वाली सड़क पर इंटरलॉकिंग और नाली निर्माण की मांग को लेकर ग्राम पंचायत नगला पिपरिया के मजरा मंशानगला में ग्रामीण धरने पर बैठ गए।
सूचना पर तहसीलदार अजहर अंसारी और आरईडी के एई उदय प्रताप मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समस्या के समाधान का आश्वासन दिया। लेकिन प्रदर्शनकारी किसी जिम्मेदार अधिकारी से लिखित आश्वासन की मांग पर अड़े रहे। जिसके बाद दोनों अधिकारी प्रार्थना पत्र लेकर वापस लौट गए।
बाद में थाना पुलिस मौके पर पहुंची और धरना दे रहे अनार सिंह, छविनाथ, ओमवीर सिंह, राजीव कुमार, रक्षपाल, ऋषिपाल, शिशुपाल, उमेश आदि से धरना-प्रदर्शन की अनुमति मांगी। अनुमति पत्र न दिखा पाने पर पुलिस ने बिना अनुमति के चल रहे धरने को समाप्त करा दिया।
एई आरईडी उदय प्रताप ने बताया कि गांव में दोनों रास्तों की जरूरत है, जिसके संबंध में जिलाधिकारी, एक्सईएन और विधायक से बात कर निर्णय लिया जाएगा।

Post a Comment