जिला प्रशासन ने जारी की एडवाइजरी - नदी किनारे न जाने की अपील
उत्तर प्रदेश/शाहजहाँपुर।
जनपद में गर्रा नदी के जलस्तर में अचानक वृद्धि को लेकर जिला प्रशासन ने जनहित में आवश्यक सूचना और जन-सुरक्षा एडवाइजरी जारी की है। अगले 3 से 4 दिन शाहजहाँपुर शहर के लिए संवेदनशील हो सकते हैं, लिहाजा प्रशासन ने नदी के तटीय और डूब क्षेत्र में रहने वाले लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।
दियूनी बैराज से छोड़ा गया 21,560 क्यूसेक पानी
शारदा नहर खण्ड (सिंचाई विभाग) और जल निगम से प्राप्त सूचना के आधार पर प्रशासन ने बताया कि जनपद पीलीभीत स्थित दियूनी बैराज से गर्रा नदी में 21,560 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है। यह पानी का बड़ा रेला अगले 3 से 4 दिनों में शाहजहाँपुर शहर क्षेत्र में पहुंचेगा।
इस जल प्रवाह के कारण अजीजगंज पुल पर गर्रा नदी का वर्तमान जलस्तर 145.55 मीटर से बढ़कर लगभग 2 मीटर तक बढ़ने की संभावना जताई गई है। यदि ऐसा होता है तो निचले इलाकों और डूब क्षेत्र में जलभराव और बाढ़ जैसी स्थिति बन सकती है।
जिला प्रशासन ने जारी किए 5 महत्वपूर्ण निर्देश
बाढ़ अथवा जलभराव की स्थिति से बचाव के लिए जिलाधिकारी कार्यालय द्वारा आम जनमानस के लिए निम्न सावधानियां बरतने की अपील की गई है:
1. नदी किनारे बिल्कुल न जाएं: नागरिक नदी के बहाव क्षेत्र, किनारों, घाटों अथवा अजीजगंज पुल के निचले हिस्सों में स्नान करने, पशुओं को नहलाने अथवा घूमने के उद्देश्य से बिल्कुल न जाएं।
2. बच्चों और मवेशियों का रखें विशेष ध्यान: बच्चों को नदी व जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रखें तथा पशुओं को सुरक्षित व ऊंचे स्थानों पर बांधने की व्यवस्था करें।
3. जरूरी सामान सुरक्षित रखें: डूब क्षेत्र में स्थित घरों के निवासी अपने महत्वपूर्ण दस्तावेज, राशन, दवाइयां और कीमती सामान को सुरक्षित व ऊंचे स्थानों पर रख लें।
4. अफवाहों से बचें: सोशल मीडिया पर फैल रही किसी भी प्रकार की भ्रामक खबर अथवा अफवाह पर ध्यान न दें। केवल जिला प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक सूचनाओं पर ही विश्वास करें।
5. प्रशासन के निर्देशों का पालन करें: यदि जलस्तर में अधिक वृद्धि होती है, तो प्रशासन द्वारा दिए गए स्थानांतरण एवं सुरक्षा निर्देशों का तत्परता से पालन करें।
आपात स्थिति में इन नंबरों पर करें संपर्क
किसी भी आपात स्थिति, जलभराव या सहायता के लिए नागरिक जिला आपदा नियंत्रण कक्ष के निम्नलिखित नंबरों पर तत्काल संपर्क कर सकते हैं:
📞 05842-462754, 05842-351037, 05842-35108
प्रशासन ने कहा है कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और सिंचाई विभाग के साथ समन्वय बनाकर जलस्तर की हर घंटे मॉनिटरिंग की जा रही है।

إرسال تعليق