थाना परशुरामपुरी पुलिस ने युवक को भेजा जेल
उत्तर प्रदेश/शाहजहाँपुर।
सोशल मीडिया पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की एडिटेड तस्वीर वायरल करने के मामले में थाना परशुरामपुरी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर मंगलवार को जेल भेज दिया है।
पुलिस द्वारा जारी प्रेस नोट के अनुसार, 1 सितंबर को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित के निर्देश पर क्षेत्राधिकारी परशुरामपुरी के पर्यवेक्षण एवं प्रभारी निरीक्षक परशुरामपुरी के नेतृत्व में यह प्रभावी कार्रवाई की गई।
क्या था पूरा मामला?
आरोपी की पहचान अरविन्द यादव पुत्र भैयालाल, उम्र करीब 31 वर्ष, निवासी ग्राम मझरा, थाना परशुरामपुरी, जनपद शाहजहाँपुर के रूप में हुई है। पुलिस जाँच में सामने आया कि आरोपी ने दिनांक 23 अगस्त को अपनी फेसबुक आईडी पर एक एडिटेड फोटो शेयर की थी। उक्त फोटो में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को उसके पैर छूते हुए दिखाया गया था। फोटो सोशल मीडिया पर आते ही वायरल हो गई और पुलिस ने इसका स्वतः संज्ञान लिया।
पुलिस द्वारा पूछताछ में अरविन्द यादव ने बताया कि जानकारी के अभाव में AI के माध्यम से फोटो एडिट हो गई थी और भूलवश वह उसकी फेसबुक आईडी पर शेयर हो गई। बाद में गलती का अहसास होने पर उसके द्वारा फोटो को डिलीट भी कर दिया गया था।
शांति व्यवस्था के दृष्टिगत कार्रवाई
पुलिस के अनुसार, इस प्रकार की भ्रामक और आपत्तिजनक एडिटेड फोटो से सामाजिक सौहार्द और कानून-व्यवस्था पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। इसी को देखते हुए थाना परशुरामपुरी पुलिस ने त्वरित एवं प्रभावी वैधानिक कार्यवाही करते हुए आरोपी को हिरासत में लिया और आवश्यक विधिक कार्रवाई पूर्ण करने के बाद आरोपी अरविन्द यादव को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहाँ से उसे जेल भेज दिया गया है।
थाना परशुरामपुरी पुलिस ने आमजन से अपील की है कि सोशल मीडिया पर किसी भी तरह की एडिटेड, भ्रामक या आपत्तिजनक फोटो/वीडियो शेयर न करें। AI के माध्यम से किसी भी महापुरुष, जनप्रतिनिधि या संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति की छवि को विकृत करना गंभीर अपराध की श्रेणी में आता है।

إرسال تعليق