Top News

शाहजहांपुर: रामगंगा नदी में युवक ने लगाई छलांग SI अजय चौधरी ने तैरकर बचाई जान


फोटो: रामगंगा नदी पर रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान खड़ी पुलिस 

 रामगंगा में कूदे युवक को 1 KM तक पीछा कर बचाई जान, SI अजय कुमार बने हीरो

उत्तर प्रदेश/शाहजहांपुर। 

अल्हागंज थाना क्षेत्र में मंगवार देर शाम रामगंगा नदी के पुल से एक युवक द्वारा आत्महत्या के प्रयास का मामला सामने आया, जहां अल्हागंज पुलिस की तत्परता और साहस ने एक जिंदगी को मौत के मुंह से वापस खींच लिया। उपनिरीक्षक अजय कुमार ने अपनी जान की परवाह किए बिना उफनती नदी में छलांग लगाकर करीब एक किलोमीटर तक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया और युवक को सकुशल बाहर निकाल लिया।

आपसी विवाद के बाद उठाया खौफनाक कदम

जानकारी के अनुसार, फर्रुखाबाद जनपद के मोहल्ला सेठ गली निवासी शालू वर्मा पुत्र स्वर्गीय उमाकांत वर्मा किसी पारिवारिक व आपसी विवाद के चलते मानसिक रूप से परेशान था। नाराज होकर वह घर से अपनी स्कूटी लेकर निकला और सीधे अल्हागंज क्षेत्र में रामगंगा नदी के पुल पर पहुंच गया।



प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक ने पहले अपनी स्कूटी पुल की रेलिंग के किनारे खड़ी की, कुछ देर इधर-उधर देखा और फिर अचानक नदी में छलांग लगा दी। पुल पर खड़ी लावारिस स्कूटी देख राहगीरों को अनहोनी का अंदेशा हुआ और उन्होंने तत्काल थाना अल्हागंज पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही दौड़ी पुलिस, SI ने लगाई नदी में छलांग

घटना की सूचना जैसे ही थाना प्रभारी अल्हागंज निरीक्षक ओम प्रकाश को मिली, वह बिना एक क्षण गंवाए अपनी टीम के साथ घटनास्थल के लिए रवाना हो गए। मौके पर पहुंचकर जब उन्हें युवक के नदी के तेज बहाव में बहने की जानकारी मिली, तो तुरंत रेस्क्यू शुरू किया गया।

इस दौरान टीम में शामिल उपनिरीक्षक अजय कुमार ने अदम्य साहस का परिचय दिया। उन्होंने वर्दी में ही रामगंगा नदी में छलांग लगा दी। तेज बहाव और गहराई की परवाह न करते हुए वह युवक की तलाश में नदी में तैरते रहे। बताया जा रहा है कि करीब एक किलोमीटर तक चले इस साहसिक रेस्क्यू अभियान के बाद आखिरकार उन्होंने युवक को पकड़ लिया। इसके बाद अन्य पुलिसकर्मियों की मदद से उसे किनारे तक लाया गया। नदी से बाहर निकाले जाने तक युवक काफी घबराया हुआ था, लेकिन पूरी तरह सुरक्षित था। पुलिस ने तत्काल प्राथमिक उपचार दिलाया और उसके परिजनों को सूचना दी।


फोटो रामगंगा पुल पर खड़ी स्कूटी के नंबर से जानकारी निकालती पुलिस 


परिजनों ने पुलिस को दिया धन्यवाद

युवक के सकुशल बाहर आते ही मौके पर पहुंचे उसके भाई बैलेश वर्मा और अन्य परिजन भावुक हो गए। बैलेश वर्मा ने थाना प्रभारी ओम प्रकाश, उपनिरीक्षक अजय कुमार सहित पूरी अल्हागंज पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि "यदि पुलिस कुछ मिनट और देर कर देती तो बड़ी अनहोनी हो जाती। पुलिस की तत्परता ने मेरे भाई को नया जीवन दिया है।"

क्षेत्र में हो रही पुलिस की सराहना

इस पूरे घटनाक्रम के बाद अल्हागंज पुलिस की कार्यशैली की चारों तरफ सराहना हो रही है। अक्सर कानून व्यवस्था के लिए जानी जाने वाली पुलिस ने इस बार मानवता और कर्तव्यनिष्ठा की मिसाल पेश की है।

थाना प्रभारी ओम प्रकाश ने बताया कि युवक को समझा-बुझाकर परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है और उसकी काउंसलिंग भी कराई जा रही है ताकि भविष्य में वह ऐसा कदम न उठाए। वहीं स्थानीय लोगों का कहना है कि उपनिरीक्षक अजय कुमार का यह साहसिक कदम निश्चित रूप से अन्य पुलिसकर्मियों के लिए भी प्रेरणा बनेगा।

Post a Comment

أحدث أقدم

🎧 LIVE FM RADIO




🔊 Volume