फाइलेरिया उन्मूलन के लिए चलेगा IDA अभियान की तिलहर ब्लॉक में 19 नवंबर से होगी शुरुआत: सीडीओ
उत्तर प्रदेश/शाहजहांपुर।
जनपद में फाइलेरिया उन्मूलन के लिए चलाए जाने वाले आईडीए (IDP) कार्यक्रम को लेकर बुधवार को विकास भवन सभागार में जनपद स्तरीय अंतरविभागीय बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी ने की। बैठक में तय किया गया कि ब्लॉक तिलहर में 19 नवंबर 2026 से 07 दिसंबर 2026 तक फाइलेरिया आईडीए कार्यक्रम चलाया जाएगा।
हर स्वस्थ व्यक्ति को खिलाई जाएगी दवा
अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी (वीबीडी) ने बताया कि अभियान के तहत ब्लॉक के प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति को प्रशिक्षित औषधि उपचारकों द्वारा आइवरमेक्टिन, डीईसी और एल्बेंडाजोल की गोलियों का सेवन कराया जाएगा। ये औषधियां पूर्णतः सुरक्षित हैं। अभियान से पूर्व मास्टर प्रशिक्षक कार्यक्रम में लगाए जाने वाले औषधि उपचारकों को प्रशिक्षित किया जाएगा।
जिला मलेरिया अधिकारी ने बताया कि आईडीए कार्यक्रम 10 दिवसीय होगा। इसमें प्रत्येक 2 सदस्यीय टीम द्वारा प्रतिदिन 25 घरों (लगभग 125-130 जनसंख्या) में दवा खिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। ग्रामीण क्षेत्रों के लिए आशा केंद्रित और शहरी क्षेत्रों के लिए अर्बन एएनएम/आशा केंद्रित माइक्रोप्लान बनाया जाएगा। ग्रामीण/शहरी क्षेत्रों में दवा सेवन का कार्य अर्बन आशा, आंगनबाड़ी और स्वयंसेवी संस्थाओं के माध्यम से कराया जाएगा।
आशा के घर को बनाया जाएगा डिपो
बैठक में निर्णय लिया गया कि आशा के घर को कार्यक्रम के लिए डिपो के रूप में स्थापित किया जाए, ताकि छूटे हुए लोग बाद में आशा के घर जाकर दवा का सेवन कर सकें। अभियान में एक वर्ष से कम आयु के बच्चों, गर्भवती महिलाओं और गंभीर रूप से बीमार व्यक्तियों को छोड़कर सभी स्वस्थ व्यक्तियों को उम्र और लंबाई के अनुसार दवा की एक खुराक साल में एक बार दी जाएगी।
खाली पेट दवा न लें - स्वास्थ्य विभाग
स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया कि दवा का सेवन खाली पेट नहीं करना है। कुछ लोगों में बुखार, सिरदर्द, बदन दर्द, उल्टी जैसी प्रतिकूल प्रतिक्रिया हो सकती है, लेकिन यह उन्हीं में होगी जिनमें पहले से माइक्रोफाइलेरिया मौजूद है या जिन्होंने खाली पेट दवा ली है। यह स्वतः ठीक हो जाता है, न ठीक होने पर नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर संपर्क करें।
मुख्य विकास अधिकारी उत्कृष्ट द्विवेदी ने दिए निर्देश
मुख्य विकास अधिकारी ने पंचायतीराज विभाग को निर्देश दिया कि सभी ब्लॉकों में कार्यक्रम का उद्घाटन प्रधान, सचिव से कराया जाए और पंचायत भवन पर अधिक से अधिक लोगों को बुलाकर दवा खिलाई जाए। शिक्षा विभाग को स्कूलों में पैरेंट्स-टीचर बैठक कराकर जागरूक करने और प्रार्थना सभा में बच्चों को जागरूक करने के निर्देश दिए गए। जिला पूर्ति अधिकारी को राशन वितरण के समय कोटेदारों के माध्यम से लोगों को जागरूक करने, ग्राम पंचायतों, स्कूलों व राशन वितरण स्थलों पर आईईसी डिस्प्ले कराने के निर्देश दिए गए।
बैठक में पंचायतीराज, बेसिक शिक्षा, पूर्ति, बाल विकास, अल्पसंख्यक, मनोरंजन कर, श्रम, दिव्यांग, लीड बैंक के अधिकारी/प्रतिनिधि, ब्लॉक तिलहर के टीएसपीएम, जिला स्वास्थ्य शिक्षा सूचना अधिकारी, पाथ व पीसीआई के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

Post a Comment