Top News

शाहजहांपुर : PM मोदी के जन्मदिवस पर ‘सेवा संकल्प अभियान का शुभारंभ


पूरे जनपद में एक महीने तक चलेगा सेवा का महायज्ञ

उत्तर प्रदेश/शाहजहांपुर।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर जनपद में गुरुवार को ‘सेवा संकल्प अभियान’ का भव्य शुभारंभ किया गया। जिला प्रशासन और संगठन के संयुक्त तत्वावधान में शुरू हुआ यह अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक पूरे जनपद में चलेगा। अभियान के पहले दिन को ‘सेवा दिवस – समर्पण का दिवस’ के रूप में मनाया गया और पूरे जिले में जनसेवा, जनकल्याण और सामाजिक सरोकार से जुड़े दर्जनों कार्यक्रम आयोजित किए गए।



25 साल की सेवा यात्रा को जन-जन तक पहुंचाने का लक्ष्य

‘सेवा संकल्प अभियान’ का मुख्य उद्देश्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के निरंतर सार्वजनिक जीवन और सेवा काल की जनकल्याणकारी उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाना है। साथ ही प्रत्येक नागरिक को ‘विकसित भारत-2047’ के सामूहिक राष्ट्रीय संकल्प से जोड़ना है। इसके तहत अगले एक महीने तक जिले के हर विधानसभा, नगर निकाय, ब्लॉक और ग्राम पंचायत स्तर पर अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

हनुमत धाम में वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना ने जलाए आशीर्वाद के दीप

प्रधानमंत्री के जन्मोत्सव पर उत्तर प्रदेश सरकार के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने हनुमत धाम पहुंचकर आशीर्वाद के दीप प्रज्वलित किए और प्रधानमंत्री के दीर्घायु, स्वस्थ जीवन की कामना की। इस दौरान पूरे जनपद में सेवा और समर्पण की भावना के साथ विभिन्न धार्मिक स्थलों, धामों, सरकारी भवनों, कार्यालयों और सार्वजनिक स्थलों पर दीप प्रज्ज्वलन कार्यक्रम आयोजित किए गए। पूरा शहर दीपों की रोशनी से जगमगा उठा।


विश्वकर्मा जयंती पर टूलकिट वितरण, मेडिकल कॉलेजों में रक्तदान शिविर

17 सितंबर को विश्वकर्मा जयंती होने के कारण इस दिन को विशेष बनाया गया। जनपद में पीएम विश्वकर्मा योजना के लाभार्थियों को उन्नत टूलकिट और उपकरण वितरित किए गए, ताकि वे अपने पारंपरिक हुनर को और बेहतर बना सकें।

वहीं मानव सेवा के संकल्प के तहत जनपद के राजकीय मेडिकल कॉलेज सहित सभी निजी मेडिकल कॉलेजों में विशाल रक्तदान शिविरों का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में युवाओं, अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने रक्तदान किया।


आवास लाभार्थियों के घरों में जले दीप

अभियान के तहत प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण और शहरी के लाभार्थियों के घरों में भी आशीर्वाद के दीप प्रज्वलित किए गए। नगर निगम, नगर पालिका, नगर पंचायतों के विभिन्न वार्डों और ग्राम पंचायतों में भी लाभार्थियों के घरों को रोशन कर उन्हें सम्मानित किया गया। 

इस अवसर पर महानगर अध्यक्ष शिल्पी गुप्ता, जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह, पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित, नगर आयुक्त सौम्या गुरुरानी सहित जिला प्रशासन के सभी अधिकारी, जनप्रतिनिधि, पार्षद, सभासद और बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post

🎧 LIVE FM RADIO




🔊 Volume