PM मोदी के जन्मोत्सव पर सेवा और सम्मान का संदेश
उत्तर प्रदेश/शाहजहाँपुर।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मोत्सव के अवसर पर गुरुवार को नगर पंचायत अल्हागंज में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। नगर पंचायत परिसर 1001 दीपों की रोशनी से जगमगा उठा, वहीं प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों को सम्मानित कर कार्यक्रम को सेवा और सम्मान का प्रतीक बना दिया गया।
सुबह से ही नगर पंचायत परिसर में तैयारियां जोर-शोर से चलती रहीं। शाम होते ही 1001 दीपों के प्रज्वलन के साथ पूरा परिसर रोशनी से नहा गया। बड़ी संख्या में जुटे नगरवासियों ने दीप जलाकर प्रधानमंत्री के दीर्घायु और स्वस्थ जीवन की कामना की। दीपों की रोशनी में पूरा वातावरण उत्साह और उल्लास से भर गया।
चेयरमैन शिवानी वर्मा के आह्वान पर जुटे नगरवासी
नगर पंचायत अध्यक्ष शिवानी वर्मा के आह्वान पर आयोजित इस कार्यक्रम में सभासदों और नगरवासियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। चेयरमैन शिवानी वर्मा ने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में एकजुटता और सेवा का संदेश देते हैं। पात्र परिवारों को आवास का लाभ मिलना उनके सुरक्षित भविष्य की दिशा में बड़ा कदम है।
कार्यक्रम में हाल ही में आवास योजना का लाभ पाने वाले लाभार्थियों को सम्मानित किया गया। आवास मिलने पर लाभार्थियों के चेहरे खिल उठे और उन्होंने शासन की योजनाओं को जरूरतमंदों तक पहुंचाने के लिए आभार जताया।
नगर पंचायत में दिखाई गई हनुमान अंश फिल्म ने बांधा समां
नगर पंचायत प्रांगण में ‘श्री हनुमान अंश’ फिल्म का प्रदर्शन भी किया गया, जिसे देखने के लिए नगरवासियों की भीड़ उमड़ पड़ी। धार्मिक और सामाजिक संदेश से जुड़े इस आयोजन ने कार्यक्रम को और भी आकर्षक बना दिया। इस अवसर पर पूर्व जिला महामंत्री अनिल गुप्ता, उदित गुप्ता, रामलखन मिश्र सहित नगर पंचायत के समस्त सभासद और बड़ी संख्या में नगरवासी मौजूद रहे। देर शाम तक नगर पंचायत परिसर उत्सव के रंग में डूबा रहा।

Post a Comment