एडीएम अरविंद कुमार सिंह ने की कार्यवाही संस्तुति की
उत्तर प्रदेश/शाहजहाँपुर।
जनगणना सर्वेक्षण कार्य में लापरवाही बरतने वाले कार्मिकों के खिलाफ जिला प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। जिला जनगणना अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) अरविंद कुमार ने 17 प्रगणकों, 6 सुपरवाइजरों एवं 4 नोडल अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई के लिए जिलाधिकारी / मुख्य विकास अधिकारी को संस्तुति भेजी है।
जनपद में 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक जनगणना सर्वेक्षण कार्य चल रहा है। इसके तहत प्रत्येक क्षेत्र और परिवार तक पहुंचकर सर्वेक्षण किया जाना है। प्रगणकों और सुपरवाइजरों को निर्देश दिए गए थे कि वे आवंटित क्षेत्रों में नियमित भ्रमण करें, आमजन की सुविधा के अनुसार सर्वेक्षण कराएं और सभी परिवारों की एसआईडी जनरेट कराना सुनिश्चित करें।
कंट्रोल रूम एवं नोडल अधिकारियों से प्राप्त सूचनाओं की समीक्षा में सामने आया कि कुछ प्रगणक न तो अपने निर्धारित कार्यस्थल / विद्यालय में उपस्थित हो रहे थे और न ही आवंटित क्षेत्रों में जाकर सर्वेक्षण कर रहे थे। वहीं कुछ पर्यवेक्षकीय एवं नोडल स्तर के अधिकारियों द्वारा भी अपने दायित्वों के प्रति गंभीरता नहीं दिखाई जा रही थी।
जिला जनगणना अधिकारी ने स्पष्ट किया कि जनगणना अत्यंत महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है, इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही, उदासीनता अथवा निर्देशों की अवहेलना बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी प्रगणक, सुपरवाइजर एवं नोडल अधिकारी अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा, ईमानदारी एवं समयबद्धता के साथ निर्वहन करें।
वहीं मुख्य विकास अधिकारी ने भी जनगणना के महत्वपूर्ण चरण स्व-गणना में अपेक्षित सहयोग न देने वाले कार्मिकों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के आदेश दिए हैं।
जिला प्रशासन ने चेतावनी दी है कि सर्वेक्षण कार्य की नियमित समीक्षा की जा रही है। कंट्रोल रूम से मिलने वाली सूचनाओं के आधार पर प्रगति का आकलन होगा और लापरवाही पाए जाने पर आगे भी कठोर कार्रवाई की जाएगी।


Post a Comment