Top News

नई दिल्ली: नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह की पहली भारत यात्रा

 

नई दिल्ली में केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद ने किया भव्य स्वागत

नई दिल्ली। भारत की आधिकारिक यात्रा पर नई दिल्ली पधारे नेपाल के माननीय प्रधानमंत्री श्री बालेंद्र शाह जी की अगवानी केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद ने की। हवाई अड्डे पर पहुंचने पर उन्होंने नेपाल के प्रधानमंत्री का हार्दिक स्वागत एवं अभिनंदन किया। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच गर्मजोशी भरी मुलाकात हुई।

केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद ने सोशल मीडिया पर तस्वीरें साझा करते हुए कहा कि पदभार ग्रहण करने के पश्चात प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह की यह पहली भारत यात्रा दोनों देशों के ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और आर्थिक संबंधों को एक नई गति व ऊर्जा प्रदान करेगी।

उन्होंने नेपाली भाषा में भी नेपाल के प्रधानमंत्री का स्वागत करते हुए लिखा, “सम्माननीय प्रधानमन्त्री बालेन्द्र शाहज्यू यहाँलाई एकपटक पुनः हार्दिक स्वागत तथा अभिनन्दन छ।”

रेड कार्पेट पर हुआ स्वागत

नई दिल्ली पहुंचने पर नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह को रेड कार्पेट पर गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इस दौरान तीनों सेनाओं के जवानों ने सलामी दी। तस्वीरों में केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह एक साथ चलते और बातचीत करते नजर आ रहे हैं। दोनों नेताओं के चेहरों पर भारत-नेपाल मैत्री की झलक साफ दिखाई दी।



भारत-नेपाल संबंधों को मिलेगी नई दिशा

भारत और नेपाल के बीच सदियों पुराना रोटी-बेटी का रिश्ता है। दोनों देश न केवल भौगोलिक रूप से जुड़े हैं, बल्कि सांस्कृतिक, धार्मिक और आर्थिक रूप से भी एक-दूसरे के पूरक हैं। भगवान पशुपतिनाथ और भगवान श्रीराम के देश के रूप में दोनों देशों की आस्था भी एक-दूसरे को जोड़ती है।

प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह की यह यात्रा ऐसे समय में हो रही है, जब दोनों देशों के बीच व्यापार, ऊर्जा, कनेक्टिविटी, पर्यटन और विकास साझेदारी को और मजबूत करने की आवश्यकता महसूस की जा रही है। माना जा रहा है कि इस यात्रा के दौरान दोनों देशों के बीच कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा होगी, जिससे आपसी सहयोग को नया आयाम मिलेगा।

पहली यात्रा से बड़ी उम्मीदें

पदभार ग्रहण करने के बाद बालेंद्र शाह की यह पहली भारत यात्रा है, इसलिए इसे दोनों देशों में बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि इस यात्रा से भारत-नेपाल के बीच विश्वास और बढ़ेगा तथा सीमा क्षेत्र के लोगों, व्यापारियों और युवाओं के लिए नए अवसर खुलेंगे।

केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद द्वारा की गई अगवानी को भी इसी कूटनीतिक महत्व से जोड़कर देखा जा रहा है। भारत सरकार ने नेपाल के प्रधानमंत्री के स्वागत में कोई कमी नहीं छोड़ी, जो दोनों देशों के बीच गहरी मित्रता का प्रतीक है।

Post a Comment

Previous Post Next Post

🎧 LIVE FM RADIO




🔊 Volume