Top News

शाहजहांपुर: करवाचौथ से एक दिन पहले पति ने कुल्हाड़ी से काटकर पत्नी की हत्या की, 6 वर्षीय बेटे को लेकर फरार

 




15 दिन पहले पंचायत में मृतका ने जताई थी हत्या की आशंका,

 बच्चों के सामने दिया वारदात को अंजाम

उत्तर प्रदेश/शाहजहांपुर/, 28 अक्टूबर 2026 ।

यूपी के शाहजहांपुर में अल्हागंज थाना क्षेत्र के चौरसिया गांव में बुधवार दोपहर करवाचौथ से ठीक एक दिन पहले दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां पारिवारिक विवाद के बाद पति अवनीश ने अपनी पत्नी सुशीला (32) की गर्दन और सिर पर कुल्हाड़ी से कई वार कर निर्मम हत्या कर दी। वारदात के समय बच्चे घर में ही मौजूद थे। हत्या के बाद आरोपी अपने 6 वर्षीय बड़े बेटे सोहन को लेकर फरार हो गया, जबकि 3 वर्षीय बेटी मैनका और करीब 2 वर्षीय बेटा रोहन घर पर ही रोते-बिलखते रह गए।

मृतका सुशीला फर्रुखाबाद जिले के थाना राजेपुर क्षेत्र के ग्राम गांधी निवासी नरेश की बेटी थी। करीब 7-8 वर्ष पहले उसकी शादी चौरसिया निवासी रामस्वरूप के बेटे अवनीश के साथ हुई थी। अवनीश पिछले करीब पांच वर्षों से पंजाब के लुधियाना में कॉस्मेटिक सामान की फेरी लगाकर परिवार का भरण-पोषण करता था।

नौकरी पर जाने को लेकर था विवाद

परिजनों के अनुसार, बुधवार को परिवार को नौकरी के लिए घर से निकलना था। बैग तैयार थे और रास्ते के लिए खाना भी बना लिया गया था। अवनीश पत्नी और बच्चों को लुधियाना ले जाना चाहता था, जबकि सुशीला दिल्ली जाने की जिद कर रही थी। उसका कहना था कि दिल्ली में उसके परिवार के लोग रहते हैं। कभी बच्चों की पढ़ाई तो कभी दिल्ली-लुधियाना जाने को लेकर दोनों में कई दिनों से विवाद चल रहा था। बुधवार दोपहर खाना खाने की तैयारी के दौरान विवाद बढ़ गया और अवनीश ने बच्चों के सामने ही सुशीला पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। थाली चारपाई के नीचे गिरी मिली, जबकि सुशीला का शव चारपाई पर खून से लथपथ पड़ा था। शव के पास ही कुल्हाड़ी और गेट के पास कपड़ों से भरा बैग मिला है।



शराब पीकर मारपीट का आरोप, पंचायत में जताई थी आशंका

मृतका के भाई अभिषेक ने आरोप लगाया कि अवनीश शराब पीकर सुशीला से मारपीट करता था। करीब दो माह तक सुशीला मायके में भी रही थी। करीब 15 दिन पहले मारपीट के बाद दोनों पक्षों में पंचायत हुई थी। उस दौरान सुशीला ने आशंका जताई थी कि पति उसकी हत्या कर सकता है। परिजन उसे मायके ले जाना चाहते थे, लेकिन समझौते के बाद उसे ससुराल भेज दिया गया। ममेरी बहन के अनुसार, बुधवार सुबह 11 बजे सुशीला से फोन पर बात हुई थी, इसके बाद फोन व्यस्त आने लगा।

मासूमों का बुरा हाल, पुलिस-फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य

मां की हत्या और पिता के फरार होने के बाद दोनों छोटे बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल था। पुलिस ने आसपास के लोगों से दूध मंगवाकर बच्चों को पिलाया। सूचना पर क्षेत्राधिकारी जलालाबाद दीपक कुमार सिंह, अल्हागंज पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। टीम ने साक्ष्य जुटाए और शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शव ले जाते समय महिलाओं से पुलिस की नोकझोंक भी हुई।

क्षेत्राधिकारी दीपक कुमार सिंह ने बताया कि पति ने कुल्हाड़ी से हमला कर पत्नी की हत्या की है। विवाद के कारणों की जांच की जा रही है। तहरीर के आधार पर एफआईआर दर्ज कर आरोपी की तलाश में टीमें गठित कर दी गई हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post

🎧 LIVE FM RADIO




🔊 Volume