Top News

शाहजहांपुर: जैतीपुर में बंद मकान में नकब लगाकर हजारों की चोरी




 सोने चांदी के जेवरात सहित सात क्विंटल गेहूं ले गए चोर

उत्तर प्रदेश/शाहजहांपुर।

 जनपद के जैतीपुर थाना क्षेत्र के रम्पुरिया न्यूरिया गांव में चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। गांव में बंद पड़े एक मकान की दीवार में सेंध लगाकर चोर जेवरात और अनाज चोरी कर ले गए। पीड़ित ने पड़ोसी और उसके साथी पर चोरी का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

जानकारी के अनुसार गांव निवासी रामनिवास अपने पूरे परिवार के साथ हरियाणा में रहकर मजदूरी करता है। गांव में स्थित उसका पैतृक मकान पिछले काफी समय से बंद पड़ा था। आरोप है कि करीब एक सप्ताह पहले उसके पड़ोसी ने अपने एक साथी के साथ मिलकर मकान की पिछली दीवार में नकब लगा दी।

चोरों ने घर के अंदर रखे बक्से का ताला तोड़कर उसमें रखे कीमती जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। चोरी गए जेवरों में एक जोड़ी सोने के कुंडल, एक मंगलसूत्र, कमरबंद, बिछुआ और चांदी की पायल शामिल है। इसके साथ ही घर में रखा करीब 7 क्विंटल गेहूं भी चोर बोरियों में भरकर ले गए।

घटना का खुलासा तब हुआ जब रामनिवास के भाई सुरेश की नजर बंद मकान की दीवार में लगी सेंध पर पड़ी। उन्होंने अंदर जाकर देखा तो सारा सामान बिखरा पड़ा था और बक्से का ताला टूटा हुआ था। सुरेश ने तुरंत फोन पर हरियाणा में रह रहे अपने भाई रामनिवास को पूरी घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही रामनिवास गांव पहुंचा और जैतीपुर थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दी। पीड़ित का आरोप है कि यह चोरी उसके पड़ोसी ने ही अपने साथी के साथ मिलकर की है। 

इस संबंध में थाना प्रभारी रामेंद्र सिंह ने बताया कि पीड़ित की ओर से तहरीर प्राप्त हुई है। प्रार्थना पत्र के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post

🎧 LIVE FM RADIO




🔊 Volume