तहसील दिवस में डीएम एसपी ने सुनी जनसमस्याएं, समाधान के दिए निर्देश
उत्तर प्रदेश/शाहजहाँपुर।
जनपद शाहजहाँपुर की तहसील परशुरामपुरी में शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह एवं पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित की अध्यक्षता में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में दूर-दराज से आए फरियादियों ने अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं।
जनसुनवाई के दौरान मुख्य चिकित्साधिकारी, उपजिलाधिकारी परशुरामपुरी, क्षेत्राधिकारी परशुरामपुरी सहित राजस्व, पुलिस, विकास, समाज कल्याण, स्वास्थ्य सहित सभी विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
समाधान दिवस में मुख्य रूप से भूमि विवाद, अवैध कब्जा, पारिवारिक विवाद, कानून-व्यवस्था, पेंशन, राशन कार्ड, प्रधानमंत्री आवास योजना, जल निकासी, सड़क, विद्युत आपूर्ति और स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी शिकायतें सामने आईं।
जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी प्रकरणों का निस्तारण निर्धारित समयसीमा के भीतर निष्पक्ष, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण तरीके से किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और निस्तारण ऐसा होना चाहिए जिससे शिकायतकर्ता को वास्तविक राहत मिले।
वहीं पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित ने पुलिस से जुड़ी शिकायतों की समीक्षा करते हुए सभी क्षेत्राधिकारियों और थाना प्रभारियों को तत्काल और प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से भूमि विवाद, पारिवारिक विवाद और शांति व्यवस्था से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता और निष्पक्षता के साथ त्वरित कार्रवाई करने को कहा।
जनसुनवाई के दौरान कई प्रकरणों का मौके पर ही निस्तारण कर फरियादियों को तत्काल राहत दी गई, जबकि शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को भेजकर समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक प्राथमिकता से पहुंचाने और जनसमस्याओं के समाधान में मानवीय और संवेदनशील दृष्टिकोण अपनाने के निर्देश भी दिए।


Post a Comment