Top News

शाहजहांपुर में बाढ़ को लेकर प्रशासन अलर्ट, एडीएम अरविंद सिंह ने दिए निर्देश

 



 गर्रा नदी के संवेदनशील इलाकों का ADM ने किया निरीक्षण


उत्तर प्रदेश/शाहजहांपुर

जनपद में गर्रा नदी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। जिलाधिकारी के निर्देशन में बाढ़ पूर्व तैयारियां और राहत-बचाव कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। 

इसी क्रम में गुरुवार को अपर जिलाधिकारी (वि/रा) अरविन्द कुमार ने गर्रा नदी के बाढ़ प्रभावित एवं संवेदनशील क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।


मनफूल कॉलोनी में लगा फ्लैप गेट, शहवेजपुर में कलवर्ट बंद

निरीक्षण के दौरान मनफूल कॉलोनी में गर्रा नदी से जुड़े नाले पर फ्लैप गेट लगवाने का कार्य पूरा कराया गया। यह कार्य स्थानीय पार्षद मनीष गुप्ता की मौजूदगी में हुआ। फ्लैप गेट लगने से नदी का जलस्तर बढ़ने पर पानी का बैकफ्लो रुकेगा और आबादी में जलभराव की समस्या कम होगी।

इसके बाद अपर जिलाधिकारी ने अजीजगंज स्थित ककरा पुल पर पहुंचकर गर्रा नदी के जलस्तर का जायजा लिया और निरंतर निगरानी के निर्देश दिए। शहवेजपुर क्षेत्र में बाढ़ का पानी आबादी की ओर आने की आशंका को देखते हुए कलवर्ट पर मिट्टी डलवाकर उसे बंद कराया गया।


सभी नदियां खतरे के निशान से नीचे

प्रशासन के अनुसार वर्तमान में जनपद की सभी प्रमुख नदियां खतरे के निशान से नीचे बह रही हैं —

• गंगा (भैंसार ढाई घाट): खतरा 143.650 मी., वर्तमान 142.980 मी. (0.670 मी. नीचे) • रामगंगा (डबरी घाट): खतरा 137.300 मी., वर्तमान 136.670 मी. (0.630 मी. नीचे) • गर्रा (अजीजगंज पुल): खतरा 148.800 मी., वर्तमान 146.750 मी. (2.050 मी. नीचे) • खन्नौत (लोधी पुल): खतरा 148.750 मी., वर्तमान 143.500 मी. (2.250 मी. नीचे) बह रहीं हैं।

65 बाढ़ चौकियां सक्रिय, 54 शरणालय चिन्हित

बाढ़ से निपटने के लिए जिले में 65 बाढ़ चौकियां सक्रिय की गई हैं। इनमें तहसील सदर में 17, तिलहर में 25, कलान में 10 और जलालाबाद में 13 चौकियां शामिल हैं। 

राहत-बचाव के लिए तहसील कलान में 13 मैनुअल नाव व 04 मोटर बोट और जलालाबाद में 08 मैनुअल नावों का संचालन किया जा रहा है। प्रभावितों को सुरक्षित पहुंचाने के लिए 54 बाढ़ शरणालय चिन्हित किए गए हैं - सदर में 40, तिलहर में 07, कलान में 03 और जलालाबाद में 04। साथ ही 12 मेडिकल टीमों का गठन भी किया गया है।

निरीक्षण के दौरान अधिशासी अभियंता सिंचाई सुनील कुमार भास्कर, सहायक अभियंता सतपाल सिंह, पीडब्ल्यूडी अभियंता, तहसीलदार सदर रिसी दीक्षित सहित राजस्व व अन्य विभागों की टीमें मौजूद रहीं।

जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि नदी व बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में अनावश्यक न जाएं, बच्चों और बुजुर्गों को जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रखें और किसी भी आपात स्थिति में जिला आपदा नियंत्रण कक्ष - 05842-462754, 05842-351037, 05842-351038 पर सूचना दें।

Post a Comment

Previous Post Next Post

🎧 LIVE FM RADIO




🔊 Volume