राशन वितरण के दिन कैंप लगाकर बनाएं आयुष्मान कार्ड: जिलाधिकारी
उत्तर प्रदेश/शाहजहांपुर
जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में बुधवार को आयुष्मान कार्ड एवं फैमिली आईडी की प्रगति की समीक्षा बैठक कलेक्ट्रेट स्थित बिस्मिल सभागार में आयोजित हुई। बैठक में जिलाधिकारी ने पात्र लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड बनाने तथा फैमिली आईडी को अपडेट करने के संबंध में अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने आयुष्मान कार्ड बनाने की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश देते हुए जिला पूर्ति अधिकारी को कहा कि राशन वितरण के दिनों में कोटेदारों की दुकानों पर स्वास्थ्य विभाग के सीएचओ, एएनएम एवं पंचायत सहायकों के माध्यम से कैंप लगाकर पात्र लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड बनवाए जाएं। उन्होंने निर्देश दिए कि एक बार में 100 राशन की दुकानों पर कैंप आयोजित कर आयुष्मान कार्ड बनाने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं के आयुष्मान कार्ड की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने जिला कार्यक्रम अधिकारी को निर्देश दिए कि जनपद की 623 आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं के आयुष्मान कार्ड 07 सितंबर को ब्लॉक मुख्यालयों पर एक दिवसीय विशेष अभियान चलाकर बनवाना सुनिश्चित करें। उन्होंने आशा कार्यकर्ताओं, जिनके अभी तक आयुष्मान कार्ड नहीं बने हैं, उनके कार्ड भी प्राथमिकता के आधार पर बनवाने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने जनपद में 70 वर्ष से अधिक आयु के लगभग 26 हजार पात्र व्यक्तियों के आयुष्मान कार्ड बनाए जाने की समीक्षा करते हुए सभी खंड विकास अधिकारियों को निर्देश दिए कि पंचायत सचिव एवं पंचायत सहायकों के माध्यम से 10 सितंबर तक शत-प्रतिशत आयुष्मान कार्ड बनवाने की कार्रवाई पूरी करें। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक खंड विकास अधिकारी, पंचायत सचिव एवं पंचायत सहायक से प्रमाण-पत्र प्राप्त करें कि उनके क्षेत्र में 70 वर्ष से अधिक आयु का कोई भी पात्र व्यक्ति आयुष्मान कार्ड बनवाने से शेष नहीं है।
फैमिली आईडी की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि एक ही परिवार के अलग-अलग सदस्यों के नाम से बनी फैमिली आईडी को चिन्हित कर उन्हें एक फैमिली आईडी में मर्ज कराया जाए। उन्होंने मर्जिंग की कार्रवाई एक सप्ताह के भीतर पूर्ण करने के निर्देश दिए। इसके बाद जिन परिवारों की फैमिली आईडी अभी तक नहीं बनी है, उन्हें चिन्हित कर शेष परिवारों की फैमिली आईडी बनाने पर विशेष जोर देने को कहा।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों से कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाने के लिए आयुष्मान कार्ड एवं फैमिली आईडी से संबंधित कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए तथा निर्धारित समयसीमा में अभियान चलाकर कार्य पूर्ण कराया जाए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी उत्कर्ष द्विवेदी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विवेक कुमार मिश्रा, जिला विकास अधिकारी ऋषि पाल सिंह, डीसी मनरेगा यशोवर्धन सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Post a Comment