Top News

शाहजहांपुर: डीएम की अगुवाई में निकली भव्य तिरंगा रैली, उमड़ा जनसैलाब



राजकीय इंटर कॉलेज खिरनीबाग से शहीद उद्यान पार्क तक गूंजे देशभक्ति के नारे, हाथों में लहराया तिरंगा

उत्तर प्रदेश/शाहजहांपुर

हर घर तिरंगा अभियान-2026 के अंतर्गत गुरुवार को जनपद में भव्य तिरंगा रैली का आयोजन किया गया। राजकीय इंटर कॉलेज खिरनीबाग से शुरू हुई यह यात्रा कचहरी चौराहा, सदर बाजार और टाउन हॉल होते हुए शहीद उद्यान पार्क पहुंचकर संपन्न हुई। यात्रा में बड़ी संख्या में स्कूली छात्र-छात्राओं, एनसीसी कैडेट्स, अधिकारियों और आमजन ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने राजकीय इंटर कॉलेज में मां सरस्वती चित्र पर माल्यार्पण कर तथा गुब्बारे उड़ाकर तिरंगा रैली का शुभारंभ किया। राष्ट्रीय गीत के साथ शुरू हुई यात्रा में छात्र-छात्राओं ने हाथों में तिरंगा लेकर भारत माता की जय, वंदे मातरम और इंकलाब जिंदाबाद के नारे लगाए। बैंड-बाजे और ढोल-नगाड़ों की धुन के बीच पूरा रैली मार्ग देशभक्ति के रंग में सराबोर नजर आया।

डीएम ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान-2026 को 09 अगस्त से 17 अगस्त तक पूरे गौरव और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक के मन में राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान, राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय एकता की भावना को और मजबूत करना है। उन्होंने बताया कि जनपद मुख्यालय के साथ ही तहसील, ब्लॉक और ग्राम पंचायत स्तर पर भी विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

तिरंगा रैली में जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह, नगर आयुक्त सौम्या गुरुरानी, मुख्य विकास अधिकारी उत्कर्ष द्विवेदी, नगर मजिस्ट्रेट रजनीकांत, जिला विद्यालय निरीक्षक हरिवंश कुमार, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी जयशंकर श्रीवास्तव सहित अन्य अधिकारी स्वयं हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर शामिल हुए। अधिकारियों ने आमजन से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने-अपने घरों पर तिरंगा फहराने और राष्ट्र के प्रति सम्मान एवं जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करने का आह्वान किया।

जिलाधिकारी ने नागरिकों से हर घर तिरंगा अभियान के डिजिटल सेलिब्रेशन में भी सहभागिता करने की अपील की। उन्होंने कहा कि नागरिक तिरंगे के साथ सेल्फी लेकर तथा वंदे मातरम का गायन कर उसे हर घर तिरंगा की वेबसाइट www.harghartiranga.com पर अपलोड करें।

विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं की सहभागिता से निकली तिरंगा यात्रा शहर में आकर्षण का केंद्र बनी रही। पूरे रैली मार्ग पर लहराते तिरंगे और गूंजते देशभक्ति के नारों ने वातावरण को राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत कर दिया। तिरंगा यात्रा का उद्देश्य आमजन में देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान की भावना को और अधिक मजबूत करना रहा।


 

Post a Comment

Previous Post Next Post

🎧 LIVE FM RADIO




🔊 Volume