ड्यूटी प्वाइंट्स का किया निरीक्षण कर बोले एसपी सौरभ दीक्षित लापरवाही बर्दाश्त नहीं
शाहजहाँपुर।
श्रावण मास और कांवड़ यात्रा को सकुशल, शांतिपूर्ण और सुरक्षित संपन्न कराने के लिए जनपद पुलिस अलर्ट मोड पर है। शनिवार को पुलिस अधीक्षक शाहजहाँपुर ने अपर पुलिस अधीक्षक नगर के साथ कांवड़ यात्रा मार्ग पर लगी पुलिस ड्यूटियों का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान एसपी ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों की सतर्कता और मुस्तैदी को परखा। उन्होंने सभी पुलिसकर्मियों को अपने-अपने निर्धारित ड्यूटी प्वाइंट पर पूरी सतर्कता के साथ मुस्तैद रहने के निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित ने कहा कि कांवड़ यात्रा मार्ग पर विशेष सतर्कता बरती जाए। संदिग्ध व्यक्तियों और गतिविधियों पर पैनी नजर रखी जाए और किसी भी प्रकार की सूचना मिलने पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई की जाए।
एसपी ने पुलिस बल को निर्देशित किया कि कांवड़ियों को सुरक्षित और सुगम रूप से उनके गंतव्य की ओर रवाना कराया जाए तथा यात्रा मार्ग पर यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखा जाए। मार्ग पर निरंतर निगरानी और कानून-व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने पर जोर दिया गया।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि ड्यूटी के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कांवड़ियों और आमजन के आवागमन को सुगम व सुरक्षित बनाए रखने के लिए पूरी तत्परता से ड्यूटी का निर्वहन किया जाए।
अंत में एसपी ने कहा कि जनपद पुलिस श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने और जनपद में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है।

Post a Comment