रसोइयों के सम्मान के साथ कैशलेस चिकित्सा योजना का शुभारंभ,
मानदेय में ₹3 हजार की वृद्धि
शाहजहांपुर।
उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा पीएम पोषण योजना के अंतर्गत परिषदीय विद्यालयों में कार्यरत रसोइयों के सम्मान एवं उन्हें सामाजिक सुरक्षा प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान स्थित जुपिटर सभागार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्रदेश के 3.54 लाख रसोइयों के लिए मुख्यमंत्री कैशलेस चिकित्सा योजना का शुभारंभ किया। कार्यक्रम का सीधा प्रसारण गांधी भवन सभागार में किया गया। जनपद स्तरीय कार्यक्रम में मुख्य अतिथि प्रदेश के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना रहे।
कार्यक्रम में सांसद अरुण कुमार सागर, ददरौल विधायक अरविंद कुमार सिंह, महानगर अध्यक्ष शिल्पी गुप्ता, जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह, मुख्य विकास अधिकारी उत्कर्ष द्विवेदी, जिला विकास अधिकारी ऋषिपाल तथा जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी जयशंकर श्रीवास्तव सहित अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
सदर तहसील के विकासखंड भावलखेड़ा, ददरौल, मदनापुर एवं कांट से आए रसोइयों तथा उपस्थित जनसमुदाय को संबोधित करते हुए वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने कहा कि संवेदनशील सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग के हितों की चिंता करती है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने शिक्षामित्रों एवं अनुदेशकों के मानदेय में वृद्धि करने के साथ उन्हें कैशलेस चिकित्सा योजना से भी आच्छादित किया है। इसी क्रम में परिषदीय विद्यालयों में कार्यरत रसोइयों के मानदेय में भी ₹3,000 प्रतिमाह की वृद्धि की गई है।
उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा रसोइयों के हित में कई अन्य महत्वपूर्ण निर्णय भी लिए गए हैं। रसोइया के परिवार में दुर्घटना की स्थिति में स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के माध्यम से ₹2 लाख की सहायता का प्रावधान किया गया है। वहीं ड्रेस के लिए दी जाने वाली धनराशि को ₹500 से बढ़ाकर ₹1,000 किया गया है। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता समाज के प्रत्येक वर्ग को सशक्त एवं सुरक्षित बनाना है। प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश में जनकल्याण के क्षेत्र में निरंतर कार्य किए जा रहे हैं।
सांसद अरुण कुमार सागर ने प्रदेश सरकार के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि सरकार रसोइयों सहित बेसिक शिक्षा परिषद के विद्यालयों को और अधिक सशक्त बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार ने रसोइयों एवं उनके परिवारों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया है।
ददरौल विधायक अरविंद कुमार सिंह ने अपने विधानसभा क्षेत्र में डिग्री कॉलेज की स्थापना के लिए वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की फ्लैगशिप योजनाओं को जनपद में प्रभावी ढंग से लागू किया जा रहा है तथा शिक्षा सहित प्रत्येक क्षेत्र में विकास कार्य तेजी से हो रहे हैं।
कार्यक्रम के दौरान वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना सहित अन्य अतिथियों ने प्राथमिक विद्यालय सुरतपुर की रसोइया राजकुमारी, प्राथमिक विद्यालय गौहनिया की झुमका देवी, प्राथमिक विद्यालय मौजमपुर की ओम श्री एवं सत्यवती, कंपोजिट विद्यालय ददरौल के श्रीराम, प्राथमिक विद्यालय जलालनगर की नसीम बानो, प्राथमिक विद्यालय अलीजई की नजमा देवी, कंपोजिट विद्यालय बलीपुर की शर्मा देवी एवं रूपरानी तथा कंपोजिट विद्यालय भित्तियां पौंकी की मधुरिमा एवं रामदेवी को मुख्यमंत्री कैशलेस चिकित्सा योजना के प्रतीकात्मक कार्ड वितरित किए।
इसी प्रकार प्राथमिक विद्यालय वाडूजई प्रथम की लक्ष्मी, रहमानिया जूनियर हाईस्कूल की रुखसाना, कंपोजिट विद्यालय कांट की रामगीता, रामरति एवं रामसुखी, प्राथमिक विद्यालय बबौरी के बच्चन सिंह तथा कंपोजिट विद्यालय नगरिया प्रयागपुर के ब्रह्मा कुमार सिंह को मानदेय वृद्धि के प्रतीकात्मक चेक प्रदान किए गए।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी जयशंकर श्रीवास्तव ने कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए बताया कि जनपद में पीएम पोषण योजना से कुल 2,805 विद्यालय आच्छादित हैं, जिनमें 7,625 रसोइये कार्यरत हैं। उन्होंने कहा कि रसोइयों एवं उनके आश्रितों को मुख्यमंत्री कैशलेस चिकित्सा योजना से लाभान्वित करना तथा उनके सेवा एवं समर्पण को सम्मानित करना सरकार की संवेदनशील सोच को प्रदर्शित करता है।
कार्यक्रम में कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय नगर तिलहर की छात्राओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया, जबकि स्काउट-गाइड पार्टी ने अतिथियों का स्वागत किया। इस अवसर पर जिला समन्वयक समेकित शिक्षा सोहन शुक्ला, जिला समन्वयक प्रशिक्षण रोहित सिंह, एमआईएस सचिन वर्मा, कंप्यूटर ऑपरेटर मोहम्मद आमिर, प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष मुनीश कुमार मिश्रा सहित शिक्षक, शिक्षामित्र, स्काउट-गाइड एवं विभागीय कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में मध्याह्न भोजन सेल के श्री मनोज कुमार ने अतिथियों एवं कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग करने वाले सभी अधिकारियों, कर्मचारियों, शिक्षकों एवं उपस्थित जनसमुदाय के प्रति आभार व्यक्त किया।



Post a Comment