खुद सड़कों पर उतरकर परखी सुरक्षा व्यवस्था, कांवड़ियों से जाना हाल
कोतवाली, कांट, जलालाबाद और अल्हागंज के कांवड़ प्वाइंटों का किया निरीक्षण,
पुलिसकर्मियों को दी सतर्कता बरतने की सख्त हिदायत
शाहजहाँपुर
कांवड़ यात्रा की सुरक्षा को लेकर शाहजहाँपुर पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। पुलिस अधीक्षक शाहजहाँपुर श्री सौरभ दीक्षित ने आज गुरुवार को जनपद के विभिन्न कांवड़ प्वाइंटों का औचक निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
SP के साथ इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक नगर और क्षेत्राधिकारी जलालाबाद भी मौजूद रहे।
पुलिस अधीक्षक ने थाना कोतवाली, कांट, जलालाबाद और अल्हागंज क्षेत्र के अंतर्गत बने कांवड़ प्वाइंटों पर पहुंचकर ड्यूटी पर तैनात पुलिस बल को चेक किया। उन्होंने जवानों से उनकी तैनाती, क्षेत्र की स्थिति, श्रद्धालुओं के आवागमन और यातायात व्यवस्था के बारे में जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान SP ने कांवड़ मार्ग, प्वाइंट और आसपास के इलाकों में सुरक्षा, ट्रैफिक मैनेजमेंट और किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने की तैयारियों को परखा।
पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित ने कांवड़ियों से किया संवाद
एसपी सौरभ दीक्षित ने निरीक्षण के दौरान सिर्फ पुलिस व्यवस्था ही नहीं देखी, बल्कि कांवड़ प्वाइंटों पर मौजूद कांवड़ियों और श्रद्धालुओं से सीधा संवाद भी किया। उन्होंने श्रद्धालुओं की कुशलक्षेम जानी और पूछा कि यात्रा के दौरान किसी प्रकार की समस्या तो नहीं हो रही है। श्रद्धालुओं ने पुलिस-प्रशासन द्वारा की गई व्यवस्थाओं पर संतोष जताया। SP ने सभी कांवड़ियों को सुरक्षित और सकुशल यात्रा की शुभकामनाएं दीं और यातायात नियमों व निर्धारित कांवड़ मार्ग का पालन करने की अपील की।
कांवड़ियों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित ने दिए कड़े निर्देश
पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित ने कहा कि
1. भीड़ और यातायात का निरंतर प्रबंधन किया जाए।
2. संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरती जाए।
3. महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया जाए।
4. सभी अधिकारी भ्रमणशील रहकर लगातार निगरानी करें।
5. कोई भी सूचना मिलते ही तत्काल कार्रवाई की जाए।
SP ने कहा कि जनपद में शांति, सुरक्षा और सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखना पुलिस की पहली प्राथमिकता है। सभी अधिकारी आपसी समन्वय के साथ मुस्तैदी से ड्यूटी करें।
शाहजहाँपुर पुलिस ने बताया कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम आवागमन के लिए लगातार प्रभावी व्यवस्था की जा रही है।



Post a Comment