उत्तर प्रदेश/शाहजहांपुर।
जनपद के विकासखंड भावलखेड़ा की न्याय पंचायत चौढ़ेरा की शिक्षक संकुल बैठक मंगलवार को पूर्व माध्यमिक विद्यालय चौढ़ेरा में आयोजित की गई। बैठक का निरीक्षण जिलाधिकारी के आदेशानुसार जिला एवं प्रशिक्षण संस्थान की प्राचार्य सोनिया गुप्ता ने किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने न्याय पंचायत चौढ़ेरा के शिक्षक-शिक्षिकाओं, शिक्षामित्रों एवं अनुदेशकों को संबोधित करते हुए कहा कि निपुण लक्ष्य के तहत बाल वाटिका से कक्षा पांच तक तीन प्रमुख पहलों एवं दस प्रमुख शिक्षण-अधिगम प्रक्रियाओं का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। विद्यालयों में चल रहे कैचअप शिक्षण के दौरान विद्यार्थियों के अधिगम स्तर पर विशेष ध्यान दिया जाए, ताकि कमजोर विद्यार्थियों को उनकी आवश्यकता के अनुरूप सहयोग मिल सके।
सोनिया गुप्ता ने कहा कि विद्यालयों में शत-प्रतिशत छात्र उपस्थिति सुनिश्चित करने के साथ-साथ विभाग द्वारा निर्धारित सभी पैरामीटर पूर्ण किए जाएं। उन्होंने प्रतिमाह आयोजित होने वाली शिक्षक संकुल बैठक में सभी शिक्षक, शिक्षामित्र एवं अनुदेशकों की अनिवार्य सहभागिता पर भी जोर दिया।
बैठक में शिक्षक संकुल विचित्र अग्निहोत्री, नवनीत, मंजू, पारुल सिंघल, प्राथमिक शिक्षक संघ के जिला मीडिया प्रभारी राजकुमार तिवारी, जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ के मंडल अध्यक्ष दिनेश गंगवार सहित न्याय पंचायत के अनेक शिक्षक, शिक्षामित्र एवं अनुदेशक उपस्थित रहे।
बैठक की व्यवस्थाएं पूर्व माध्यमिक विद्यालय चौढ़ेरा की प्रधानाध्यापिका शिमला सक्सेना द्वारा की गईं। बैठक में शिक्षण कार्य को प्रभावी बनाने, विद्यार्थियों के अधिगम स्तर में सुधार तथा विद्यालयों में बेहतर शैक्षिक वातावरण विकसित करने पर भी चर्चा हुई।

Post a Comment