Top News

शाहजहांपुर: बाढ़ ग्रस्त क्षेत्रों का निरीक्षण कर प्रभारी मंत्री ने दिए निर्देश




प्रभारी मंत्री नरेंद्र कश्यप ने बाढ़ प्रभावित एवं बाढ़ संभावित क्षेत्रों का किया निरीक्षण,

 अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा निर्देश

उत्तर प्रदेश/शाहजहांपुर 


 उत्तर प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार), पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग तथा जनपद के प्रभारी मंत्री नरेंद्र कश्यप ने ददरौल विधायक अरविंद कुमार सिंह, महानगर अध्यक्ष शिल्पी गुप्ता, जिलाध्यक्ष के.सी. मिश्रा, जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह एवं अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) के साथ तहसील सदर अंतर्गत गर्रा नदी के दाहिने तट पर स्थित ग्राम शाहबाजपुर, सरौरा एवं सरौरी सहित ग्राम समूहों को नदी कटान से सुरक्षित रखने हेतु संचालित कटाव निरोधक परियोजना का स्थलीय निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान प्रभारी मंत्री ने स्थानीय ग्रामीणों से संवाद कर परियोजना के संबंध में उनकी राय जानी। ग्राम प्रधान शाहबाजपुर श्री कुलदीप सहित ग्रामीणों ने सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग द्वारा कराए गए बाढ़ सुरक्षा एवं कटाव निरोधक कार्यों की सराहना की। ददरौल विधायक श्री अरविंद कुमार सिंह ने भी परियोजना की गुणवत्ता एवं उपयोगिता की प्रशंसा करते हुए कहा कि पिछले दो वर्षों से बाढ़ की समस्या को देखते हुए स्वीकृत परियोजना का कार्य सफलतापूर्वक पूर्ण किया गया है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार की कथनी और करनी में कोई अंतर नहीं है तथा सभी परियोजनाओं का प्रभावी ढंग से क्रियान्वयन किया गया है।



प्रभारी मंत्री श्री नरेंद्र कश्यप ने ग्रामीणों से अपील करते हुए कहा कि यदि जनपद में किसी भी नदी के किनारे कटान की स्थिति उत्पन्न होती है तो तत्काल सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग के बाढ़ नियंत्रण कक्ष को इसकी सूचना दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

उन्होंने कहा कि बाढ़ से बचाव के लिए सिंचाई विभाग द्वारा कराए गए कार्यों से जनहानि की आशंका कम होगी तथा किसानों की भूमि को कटान से सुरक्षा मिलेगी। उन्होंने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री जी देश के 140 करोड़ नागरिकों तथा माननीय मुख्यमंत्री जी प्रदेश के 25 करोड़ नागरिकों को अपने परिवार का सदस्य मानकर कार्य कर रहे हैं। प्रदेश सरकार "सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास" के मंत्र के साथ जनकल्याण एवं विकास के कार्यों को प्राथमिकता दे रही है।

ग्रामीणों से प्राप्त सुझावों एवं समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए प्रभारी मंत्री ने गांव के संपर्क मार्ग पर खड़ंजा निर्माण कराने के लिए संबंधित खंड विकास अधिकारी को आवश्यक निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त ग्रामीणों द्वारा नदी किनारे आवागमन की सुविधा के लिए मार्ग निर्माण की मांग पर भी उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री जी के निर्देशों के क्रम में प्रभारी मंत्री ने जनपद के अन्य बाढ़ प्रभावित एवं बाढ़ संभावित क्षेत्रों का भी निरीक्षण किया तथा प्रशासन द्वारा की गई तैयारियों एवं व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि बाढ़ से बचाव के सभी कार्य समयबद्ध ढंग से पूर्ण किए जाएं तथा संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखते हुए राहत एवं बचाव की व्यवस्थाओं को प्रभावी बनाया जाए।

प्रभारी मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है कि बाढ़ की स्थिति में जनपद का कोई भी नागरिक प्रभावित न हो। इसी उद्देश्य से प्रशासन द्वारा व्यापक स्तर पर तैयारियां की गई हैं। उन्होंने बताया कि जनपद में बाढ़ से बचाव एवं जनसुरक्षा के दृष्टिगत 19 बांधों का निर्माण कराया गया है, जिससे लगभग पांच हजार लोगों के जीवन एवं संपत्ति की सुरक्षा सुनिश्चित हुई है।

उन्होंने क्षेत्र में प्रस्तावित पुल के निर्माण कार्य को भी शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश अधिकारियों को दिए, ताकि क्षेत्रवासियों को बेहतर आवागमन सुविधा उपलब्ध हो सके।

जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने प्रभारी मंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बाढ़ से बचाव संबंधी सभी तैयारियां प्रशासन द्वारा पूर्ण कर ली गई हैं। उन्होंने जनपदवासियों से सतर्क रहने की अपील करते हुए कहा कि किसी भी आपात स्थिति में प्रशासन पूरी तत्परता के साथ उनके साथ खड़ा है। इस अवसर पर अधिशासी अभियंता शारदा नहर खंड शाहजहाँपुर  एस.के. भास्कर, अधिशासी अभियंता राष्ट्रीय जल प्रबंध योजना शारदा नहर खंड देवेंद्र कुमार सहाय, सहायक अभियंता अनुज मिश्र, अवर अभियंता सुबोध कुमार, ब्रजेश कुमार सहित संबंधित अधिकारी एवं जनप्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post

🎧 LIVE FM RADIO




🔊 Volume