प्रभारी मंत्री ने निर्माणाधीन हॉकी क्लब, प्लैनेटोरियम एवं मल्टीलेवल कार पार्किंग का किया निरीक्षण
उत्तर प्रदेश/ शाहजहांपुर
उत्तर प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार), पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग तथा जनपद के प्रभारी मंत्री नरेन्द्र कश्यप ने शुक्रवार को ददरौल विधायक अरविंद कुमार सिंह, महानगर अध्यक्ष शिल्पी गुप्ता, जिला अध्यक्ष के.सी. मिश्रा, जिलाधिकारी धर्मेन्द्र प्रताप सिंह तथा नगर आयुक्त सौम्या गुरुरानी के साथ निर्माणाधीन हॉकी क्लब, प्लैनेटोरियम एवं मल्टीलेवल कार पार्किंग परियोजनाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्थाओं को सभी निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारियों ने बताया कि लगभग ₹13.11 करोड़ की लागत से हॉकी क्लब का निर्माण कराया जा रहा है। वहीं मुख्यमंत्री वैश्विक नगरोदय योजना के अंतर्गत ₹1323.90 लाख की लागत से मल्टीलेवल कार पार्किंग तथा राज्य स्मार्ट सिटी योजना के अंतर्गत ₹2037.37 लाख की लागत से प्लैनेटोरियम (नक्षत्रशाला) का निर्माण कार्य प्रगति पर है।
मल्टीलेवल कार पार्किंग परियोजना के अंतर्गत मुख्य भवन, लिफ्ट, फायर फाइटिंग व्यवस्था, गार्ड रूम, पार्किंग एवं स्ट्रीट लाइट जैसी सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। अधिकारियों ने बताया कि परियोजना का लगभग 65 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है। बेसमेंट, भूतल एवं प्रथम तल का निर्माण पूरा हो गया है, जबकि चिनाई का कार्य प्रगति पर है। इस परियोजना को फरवरी 2027 तक पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
प्रभारी मंत्री ने राज्य स्मार्ट सिटी योजना के अंतर्गत निर्माणाधीन प्लैनेटोरियम का भी निरीक्षण किया। अधिकारियों ने बताया कि ₹2037.37 लाख की स्वीकृत लागत वाली इस परियोजना में मुख्य भवन, लिफ्ट, फायर फाइटिंग प्रणाली, पम्प रूम, स्ट्रीट लाइट तथा लैंडस्केपिंग का कार्य कराया जा रहा है। वर्तमान में परियोजना की भौतिक प्रगति लगभग 60 प्रतिशत है।
परियोजना के अंतर्गत बच्चों में वैज्ञानिक सोच एवं जिज्ञासा विकसित करने के उद्देश्य से अत्याधुनिक वैज्ञानिक गतिविधियों एवं आकर्षणों से युक्त विशेष ग्राउंड एरिया भी विकसित किया जाएगा, जहां मनोरंजन के साथ विज्ञान संबंधी जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।
अधिकारियों ने यह भी बताया कि भवन के प्रत्येक तल पर उपलब्ध हॉलों का उपयोग जनसुविधाओं के अनुरूप किया जाएगा। इनमें आधुनिक जिम, लाइब्रेरी एवं साइबर कैफे स्थापित करने की योजना है। साथ ही नागरिकों की सुविधा के लिए परिसर में दो अतिरिक्त प्रवेश द्वार भी विकसित किए जाएंगे, जिससे आवागमन अधिक सुगम हो सकेगा।
निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।


Post a Comment