अब RTO के चक्कर खत्म: परिवहन विभाग की 39 सेवाएं हुईं ऑटो अप्रूवल, घर बैठे मिनटों में मिलेगा फायदा
आवेदक ऑनलाइन आवेदन करेंगे, आधार से पहचान सत्यापित होने और निर्धारित मानकों की पूर्ति होने पर आवेदन का स्वतः अनुमोदन (ऑटो अप्रूवल) हो जाएगा: दयाशंकर सिंह
लखनऊ।
उत्तर प्रदेश के लाखों वाहन स्वामियों और ड्राइविंग लाइसेंस धारकों के लिए परिवहन विभाग ने बड़ी राहत देने वाला फैसला लिया है। अब ड्राइविंग लाइसेंस, आरसी और वाहन से जुड़ी 39 महत्वपूर्ण सेवाएं ऑटो अप्रूवल (Auto Approval) व्यवस्था के तहत उपलब्ध होंगी। इसका सबसे बड़ा फायदा यह होगा कि पात्र आवेदकों को इन सेवाओं के लिए RTO या ARTO कार्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।
परिवहन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह ने बताया कि विभाग लगातार परिवहन सेवाओं को आसान, पारदर्शी और तकनीक आधारित बनाने की दिशा में काम कर रहा है। इसी क्रम में आधार प्रमाणीकरण (Aadhaar Authentication) पर आधारित फेसलेस प्रणाली के तहत सारथी (SARATHI) पोर्टल की 27 और वाहन (VAHAN) पोर्टल की 12 सेवाओं सहित कुल 39 सेवाओं को ऑटो अप्रूवल व्यवस्था में सफलतापूर्वक लाइव कर दिया गया है।
उन्होंने कहा कि अब पात्र आवेदक ऑनलाइन आवेदन करेंगे, आधार से पहचान सत्यापित होने और निर्धारित मानकों की पूर्ति होने पर आवेदन का स्वतः अनुमोदन (ऑटो अप्रूवल) हो जाएगा। इससे लोगों को फाइल लेकर कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे और घर बैठे ही तय समय के भीतर सेवा का लाभ मिल सकेगा।
आम लोगों को क्या मिलेगा फायदा?
नई व्यवस्था लागू होने के बाद परिवहन विभाग की कई सामान्य सेवाएं पहले की तुलना में कहीं अधिक तेज और सरल हो जाएंगी। अब लोगों को लंबी कतारों में खड़े रहने, कई बार कार्यालय आने-जाने या छोटे-छोटे कार्यों के लिए समय और पैसा खर्च करने की आवश्यकता नहीं होगी। ऑनलाइन आवेदन के बाद पात्रता पूरी होने पर सिस्टम स्वतः आवेदन को मंजूरी देगा।
इस व्यवस्था से न केवल सेवाओं के निस्तारण की गति बढ़ेगी, बल्कि मानवीय हस्तक्षेप भी कम होगा। इससे पारदर्शिता बढ़ेगी और अनावश्यक देरी की संभावना भी घटेगी। डिजिटल गवर्नेंस को मजबूत करने की दिशा में इसे परिवहन विभाग का एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
इन सेवाओं का मिलेगा लाभ
ऑटो अप्रूवल के तहत अब लर्निंग लाइसेंस, डुप्लीकेट ड्राइविंग लाइसेंस, ड्राइविंग लाइसेंस का नवीनीकरण, नाम, पता, जन्मतिथि, फोटो और हस्ताक्षर में संशोधन, मोबाइल नंबर अपडेट, इंटरनेशनल ड्राइविंग परमिट (IDP), पीएसवी बैज, हिल रीजन और हैजर्डस मैटेरियल एंडोर्समेंट जैसी सेवाएं शामिल हैं।
इसके अलावा वाहन संबंधी सेवाओं में डुप्लीकेट आरसी, आरसी में पता परिवर्तन, वाहन स्वामित्व हस्तांतरण (Transfer of Ownership), एनओसी, स्पेशल परमिट, डुप्लीकेट परमिट, डुप्लीकेट फिटनेस प्रमाणपत्र, परमिट सरेंडर तथा हाइपोथिकेशन (HP) जोड़ने और समाप्त करने जैसी सेवाएं भी अब ऑटो अप्रूवल मोड में उपलब्ध रहेंगी।
मंत्री ने की अपील
परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने प्रदेशवासियों से अपील करते हुए कहा कि नागरिक आधार प्रमाणीकरण आधारित फेसलेस सेवाओं का अधिक से अधिक उपयोग करें। इससे घर बैठे सुरक्षित, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से परिवहन विभाग की सुविधाओं का लाभ लिया जा सकेगा।
उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य परिवहन विभाग की सेवाओं को पूरी तरह नागरिक-केंद्रित बनाना है, ताकि लोगों को बिना किसी अनावश्यक परेशानी के आधुनिक और डिजिटल सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

Post a Comment