Top News

शाहजहांपुर के अल्हागंज डाकघर में 27 जुलाई से प्रारम्भ होगी आधार नामांकन एवं संशोधन की सुविधा


जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जिला स्तरीय आधार अनुश्रवण समिति की बैठक सम्पन्न

काफी समय से हो रही थी अल्हागंज में आधार नामांकन एवं संशोधन की सुविधा की मांग 

उत्तर प्रदेश/

यूपी के शाहजहांपुर में जिलाधिकारी धर्मेन्द्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित बिस्मिल सभागार में जिला स्तरीय आधार अनुश्रवण समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में आधार नामांकन एवं अद्यतन सेवाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने आवश्यक दिशा निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने अल्हागंज क्षेत्र में आधार कार्ड बनाए जाने में आ रही समस्या के दृष्टिगत डाक विभाग के अधिकारी रजनीश शुक्ला को निर्देशित किया कि 27 जुलाई से अल्हागंज डाकघर में आधार संबंधी सेवाएं प्रारम्भ कराई जाएं। डाक विभाग के अधिकारियों ने बताया कि वहां 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों के नए आधार कार्ड बनाए जाएंगे, जबकि इससे अधिक आयु के व्यक्तियों के आधार कार्ड में संशोधन की सुविधा उपलब्ध रहेगी।जिलाधिकारी ने आधार सेवाओं को अधिक सुगम एवं सुलभ बनाने के लिए बायोमेट्रिक मशीनों की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने आधार नामांकन एवं अद्यतन से संबंधित किसी भी समस्या के समाधान हेतु यूआईडीएआई के टोल फ्री नंबर 1947 तथा निःशुल्क सेवाओं एवं निर्धारित शुल्कों का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने को कहा।

बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने यूआईडीएआई के मानकों के अनुसार अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट (एमबीयू) को समयबद्ध रूप से पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से एमबीयू-1 (5 से 15 वर्ष आयु वर्ग) एवं एमबीयू-2 (15 से 17 वर्ष आयु वर्ग) के अंतर्गत लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों के आधार नामांकन में तेजी लाने के निर्देश दिए।उन्होंने 18 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के सभी आधार आवेदनों का निस्तारण 45 दिनों के भीतर सुनिश्चित करने तथा दस्तावेजों का सत्यापन फील्ड वेरिफिकेशन के दौरान करने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त 100 वर्ष से अधिक आयु के व्यक्तियों के मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करने एवं यूडीआईएसई से संबंधित लंबित मामलों का शीघ्र समाधान करने को कहा है। जिलाधिकारी ने बताया कि 9 सितंबर 2025 से 5 से 17 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों एवं किशोरों के लिए अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट सुविधा निःशुल्क उपलब्ध है तथा इसका व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि आधार नामांकन पूरी तरह निःशुल्क है।

उन्होंने बताया कि आधार बायोमेट्रिक अपडेट, जिसमें फिंगरप्रिंट, आईरिस एवं फोटो का अद्यतन शामिल है, पहली बार 5 से 7 वर्ष की आयु के बीच तथा पहली अथवा दूसरी बार 15 से 17 वर्ष की आयु के बीच निःशुल्क किया जाता है। इसके अतिरिक्त अन्य सभी मामलों में बायोमेट्रिक अपडेट के लिए 125 रुपये शुल्क निर्धारित है। हालांकि 7 से 15 वर्ष की आयु के बीच बायोमेट्रिक अपडेट की सुविधा 30 सितंबर 2026 तक निःशुल्क उपलब्ध है।

डेमोग्राफिक अपडेट के अंतर्गत नाम, लिंग, जन्मतिथि, पता, मोबाइल नंबर एवं ई-मेल आईडी सहित अन्य विवरणों में संशोधन, यदि बायोमेट्रिक अपडेट के साथ कराया जाता है, तो यह निःशुल्क होगा। जबकि अलग से डेमोग्राफिक अपडेट कराने पर 75 रुपये का शुल्क देय होगा। दस्तावेज अद्यतन के अंतर्गत पहचान एवं पते के प्रमाण संबंधी दस्तावेज 'माय आधार' पोर्टल के माध्यम से निर्धारित अवधि तक निःशुल्क अपडेट किए जा सकते हैं, जबकि आधार सेवा केंद्र पर दस्तावेज अपडेट कराने के लिए 75 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है। बैठक के दौरान अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अरविंद कुमार सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।


 

Post a Comment

Previous Post Next Post

🎧 LIVE FM RADIO




🔊 Volume