डीएम धर्मेंद्र प्रताप सिंह और एसपी सौरभ दीक्षित ने सुनी जनसमस्याएं
उत्तर प्रदेश/शाहजहाँपुर।
तहसील तिलहर में शनिवार को जिलाधिकारी धर्मेन्द्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित हुआ। इस दौरान जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित ने फरियादियों की शिकायतें सुनीं।
समाधान दिवस में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 40 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 5 शिकायतों का निस्तारण मौके पर ही कर दिया गया। शेष शिकायतों के निस्तारण के लिए जिलाधिकारी ने समयबद्ध एवं प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिकायतकर्ताओं को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, निर्धारित समय में ही शिकायतों का निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जिलाधिकारी ने चकमार्ग से संबंधित शिकायतों का संज्ञान लेते हुए निर्देश दिए कि चकमार्ग खाली कराने के लिए पुलिस और राजस्व की टीमें मौके पर जाकर कार्रवाई सुनिश्चित करें। बिजली विभाग से संबंधित शिकायतों पर उन्होंने कहा कि निर्धारित समयानुसार निस्तारण हो, किसी शिकायतकर्ता को अनावश्यक चक्कर न लगाना पड़े।
उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों के जांचकर्ता मौके पर जाकर शिकायतकर्ता के साथ निस्तारण करना सुनिश्चित करें। शिकायत निवारण के समय जीपीएस लोकेशन का फोटो भी उपलब्ध कराया जाए।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विवेक कुमार मिश्र, जिला विकास अधिकारी ऋषिपाल सिंह, उप जिलाधिकारी तिलहर आदित्य कुमार श्रीवास्तव, तहसीलदार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


Post a Comment