40 जर्जर सड़कों समेत कई मांगों को लेकर भाकियू का ऐलान
उत्तर प्रदेश/फर्रुखाबाद।
भारतीय किसान यूनियन (अखंड प्रदेश) ने 30 अक्टूबर से राजेपुर राठौरी में अनिश्चितकालीन शांतिपूर्ण धरना प्रदर्शन की घोषणा की है। संगठन के प्रदेश अध्यक्ष नरेंद्र सोमवंशी के नेतृत्व में पदाधिकारियों ने मंगलवार को जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन नगर मजिस्ट्रेट को सौंपा।
ज्ञापन में विकासखंड राजेपुर एवं गंगा पार क्षेत्र की लगभग 40 जर्जर सड़कों के निर्माण, जल निकासी की स्थायी व्यवस्था, अवैध खनन पर रोक, बाढ़ मुआवजे में कथित भ्रष्टाचार की जांच, पुलिस उत्पीड़न और फर्जी मुकदमों की समीक्षा समेत कई मांगें उठाई गई हैं।
नरेंद्र सोमवंशी ने कहा कि डीएम और एसपी किसान प्रतिनिधियों को अलग समय देकर नियमित वार्ता करें। उन्होंने मसेनी चौराहे पर करंट से झुलसने की घटना का हवाला देते हुए बिजली विभाग की लापरवाही पर भी सवाल उठाए और तत्काल सुधार की मांग की।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर प्रभावी कार्रवाई और समयबद्ध समाधान का लिखित आश्वासन नहीं मिला तो 30 अक्टूबर से क्षेत्रीय कार्यालय, हकीम जी वाली गली, ग्राम राजेपुर राठौरी, तहसील अमृतपुर में धरना शुरू होगा, जो समाधान तक जारी रहेगा।


Post a Comment