शाहजहांपुर जिला प्रशासन ने जारी की मौसमीय चेतावनी, 28-30 अक्टूबर तक भारी बारिश का अलर्ट
बंगाल की खाड़ी में बने प्रचंड चक्रवाती तूफान "अर्नब" (उच्चारण: ऑरनब) के प्रभाव से 28 अक्टूबर से प्रदेश में तेज हवाओं के साथ व्यापक वर्षा की संभावना है। इसको लेकर जिला प्रशासन शाहजहांपुर ने प्रेस नोट / मौसमीय चेतावनी जारी की है।
जारी चेतावनी के अनुसार 27 अक्टूबर को बंगाल की खाड़ी में अति प्रचंड चक्रवाती तूफान के और तीव्र होने की संभावना है। 28 अक्टूबर को उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ते हुए बापटला एवं विशाखापत्तनम के बीच आंध्र प्रदेश एवं यानम तटों को अति प्रचंड चक्रवाती तूफान के रूप में पार करने की संभावना है।
तूफान के समय अधिकतम सतत पवन गति 115-125 किमी/घंटा रहने का अनुमान है, जो झोंकों सहित 140 किमी/घंटा तक पहुंच सकती है।
इसके प्रभाव से 28 से 30 अक्टूबर के दौरान प्रदेश में तेज हवाओं के साथ मेघगर्जन/वज्रपात और व्यापक वर्षा की संभावना है। पूर्वी एवं मध्यवर्ती भागों में भारी से बहुत भारी वर्षा, कहीं-कहीं अत्यधिक भारी वर्षा हो सकती है। तेज वर्षा, वज्रपात और तेज झोंकेदार हवाओं के साथ अधिकतम तापमान में 5-8°C की गिरावट दर्ज की जा सकती है।
जिला प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और सुरक्षित रहने की अपील की है। अनावश्यक रूप से बाहर न निकलने तथा मौसम विभाग एवं प्रशासन के निर्देशों का पालन करने को कहा गया है।
किसी भी आपात स्थिति में जिला कंट्रोल रूम नंबर 05842-351037, 462754 पर संपर्क किया जा सकता है।

Post a Comment