Top News

उत्तराखंड: देहरादून में 30,000 वर्ग फुट में विकसित STPI इन्क्यूबेशन सेंटर का शुभारंभ

 



जितिन प्रसाद ने किया STPI सुविधा का उद्घाटन, 

 अगले 20 वर्षों के लिए मजबूत नींव रख रहा है उत्तराखंड: जितिन प्रसाद 

उत्तराखंड/देहरादून।23 अक्टूबर 2026

केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिकी एवं सूचना प्रौद्योगिकी तथा वाणिज्य एवं उद्योग राज्य मंत्री जितिन प्रसाद ने देहरादून में एसटीपीआई (STPI) इन्क्यूबेशन सुविधा के उद्घाटन समारोह में मुख्य संबोधन दिया। इस अवसर पर उन्होंने उत्तराखंड में स्टार्टअप इकोसिस्टम, प्रौद्योगिकी विकास और युवाओं के लिए नए अवसरों की संभावनाओं को रेखांकित किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री ने आईटी पार्क, सहस्रधारा रोड में 30,000 वर्ग फुट में विकसित नई इन्क्यूबेशन सुविधा के निर्माण पर एसटीपीआई और इससे जुड़े सभी पक्षों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि इस सुविधा का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करना सबसे महत्वपूर्ण है, ताकि इसका लाभ प्रदेश के स्टार्टअप्स और युवाओं तक पहुंचे।

जितिन प्रसाद ने देहरादून में उपलब्ध शैक्षणिक प्रतिभा और युवाओं की क्षमता का उल्लेख करते हुए कहा कि देहरादून को एक जीवंत प्रौद्योगिकी केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा। उन्होंने आकांक्षा व्यक्त की कि यहां स्टार्टअप्स आपस में सहयोग करें, श्रेष्ठ कार्यप्रणालियां साझा करें और नए नवाचारों को बढ़ावा दें।

उन्होंने उद्योग 4.0 सहित उभरती प्रौद्योगिकियों के क्षेत्र में स्टार्टअप्स और सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (MSMEs) को सहयोग देने में उद्यमिता केंद्रों (Centre of Entrepreneurship - CoEs) की भूमिका को भी रेखांकित किया।

केंद्रीय मंत्री ने इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण और उत्तराखंड में प्रस्तावित इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर जैसी पहलों का उल्लेख करते हुए कहा कि इनसे राज्य में निवेश आकर्षित होगा और रोजगार के नए अवसर बढ़ेंगे।

उन्होंने नवाचार के लिए दीर्घकालिक दृष्टिकोण पर जोर देते हुए कहा कि विकास संबंधी पहलों का उद्देश्य केवल तात्कालिक परिणाम प्राप्त करना नहीं है, बल्कि अगले 5 से 20 वर्षों में युवाओं को लाभ पहुंचाने वाली मजबूत आधारशिला तैयार करना होना चाहिए।

जितिन प्रसाद ने भारत की विकास यात्रा में प्रौद्योगिकी और व्यापार को महत्वपूर्ण प्रेरक शक्तियों के रूप में रेखांकित किया और नवाचार, निवेश व उद्यमिता को आगे बढ़ाने की आवश्यकता पर बल दिया।

उल्लेखनीय है कि देहरादून की यह एसटीपीआई इन्क्यूबेशन सुविधा उत्तराखंड को एक प्रमुख प्रौद्योगिकी केंद्र बनाने, स्टार्टअप्स को विकास के अवसर प्रदान करने और राज्य के युवाओं के लिए नए रास्ते खोलने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post

🎧 LIVE FM RADIO




🔊 Volume