16 वर्षीय किशोरी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत,परिजन फर्रुखाबाद के लोहिया अस्पताल में मृत लेकर पहुंचे परिजन
फर्रुखाबाद प्रशासन ने शव मोर्चरी में रखवाकर अल्हागंज पुलिस को दी सूचना
उत्तर प्रदेश/फर्रुखाबाद
शाहजहांपुर जनपद के अल्हागंज थाना क्षेत्र में एक 16 वर्षीय किशोरी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजन उसे शुक्रवार रात करीब 10:30 बजे फर्रुखाबाद के डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल की इमरजेंसी में लेकर पहुंचे। ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक ने जांच के बाद किशोरी को मृत घोषित कर दिया। मृतका की पहचान अल्लाहगंज के साहिबगंज निवासी दिनेश की पुत्री स्वाति (16) के रूप में हुई है। स्वाति अपने पांच भाई-बहनों में सबसे बड़ी थी और कक्षा 9 की छात्रा थी।
चिकित्सकों द्वारा मौत के कारण की जानकारी मांगने पर परिजनों ने बताया कि स्वाति बिस्तर पर लेटी थी और घर के अन्य बच्चों ने उसे बेहोश पाया, जिसके बाद वे उसे अस्पताल लाए। हालांकि, बाद में साथ आए कुछ अन्य लोगों ने बताया कि किशोरी की तबीयत पिछले कुछ दिनों से खराब थी और उसका इलाज एक झोलाछाप डॉक्टर से चल रहा था। उन्होंने दावा किया कि उसकी मौत बीमारी के कारण हुई है।
परिजनों के बयानों में विरोधाभास और मामला संदिग्ध प्रतीत होने पर चिकित्सक ने शव को मोर्चरी में रखवा दिया और स्थानीय थाना पुलिस को सूचना दे दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत का सही कारण स्पष्ट हो सकेगा।

Post a Comment