विश्वविद्यालय में अंतरमहाविद्यालयी कबड्डी प्रतियोगिता आयोजित
उत्तर प्रदेश/शाहजहांपुर। 13 अक्टूबर 2026
स्वामी शुकदेवानंद विश्वविद्यालय परिसर में अंतरमहाविद्यालयी कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में पुरुष एवं महिला वर्ग की कुल 06 टीमों ने प्रतिभाग किया। इनमें जीएफ कॉलेज, आर्य महिला पीजी कॉलेज, राजकीय डिग्री कॉलेज तिलहर तथा स्वामी शुकदेवानंद विश्वविद्यालय परिसर की टीमें शामिल रहीं। प्रतियोगिता के सभी 4 मैचों के दौरान खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल कौशल, दमखम और प्रतिस्पर्धात्मक भावना का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के अंतिम मुकाबलों में पुरुष वर्ग में जीएफ कॉलेज ने विश्वविद्यालय परिसर की टीम को 49-47 अंकों से पराजित कर विजेता बनने का गौरव प्राप्त किया। वहीं महिला वर्ग में विश्वविद्यालय परिसर की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीएफ कॉलेज को 29-3 अंकों से हराकर खिताब अपने नाम किया।
प्रतियोगिता के अंत में मुख्य अतिथि प्रोफेसर आदित्य कुमार सिंह ने विजेता एवं उपविजेता टीमों के खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया तथा उनके प्रदर्शन की सराहना करते हुए उत्साहवर्धन किया। उन्होंने खेलों को विद्यार्थियों के शारीरिक एवं मानसिक विकास, अनुशासन और टीम भावना के लिए महत्वपूर्ण बताया। इस अवसर पर पर्यवेक्षक के रूप में विवि के कुलानुशासक डॉ. आलोक कुमार सिंह तथा विशेषज्ञ के रूप में जिला स्टेडियम के कोच निशांत सिंह उपस्थित रहे। प्रतियोगिता का आयोजन विश्वविद्यालय के क्रीड़ा सचिव प्रो अजीत सिंह चारग एवं उपसचिव डॉ प्रांजल शाही के निर्देशन में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में विवि के अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो कमलेश गौतम, राजकीय डिग्री कॉलेज तिलहर के टीम मैनेजर डॉ. शशि भूषण, आर्य महिला पीजी कॉलेज की टीम मैनेजर डॉ. रितु शर्मा, विश्वविद्यालय परिसर के टीम मैनेजर श्री अरुण कुमार, जीएफ कॉलेज के टीम मैनेजर डॉ. शमशाद अली, डॉ नीलू कुमार, डॉ मृदुल पटेल, डॉ राजीव यादव आदि ने सहभागिता की। मुकाबलों में रेफरी की भूमिका निर्भय सिंह एवं अंकित श्रीवास्तव ने निभाई।


Post a Comment