एक ही परिवार के 3 घायल दिल्ली से प्रतापगढ़ जा रही थी कार
हरदोई के पचदेवरा थाना क्षेत्र के फत्तेपुर गांव के पास पोल नंबर 271 के सामने हुआ हादसा
उत्तर प्रदेश/हरदोई
पचदेवरा थाना क्षेत्र में गंगा एक्सप्रेस-वे पर शनिवार सुबह तेज रफ्तार कहर बनकर टूटी। पचदेवरा थाना क्षेत्र में निर्माणाधीन एक्सप्रेस-वे पर फत्तेपुर गांव के पास पोल संख्या 271 के सामने सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से आ रही तेज रफ्तार अर्टिगा कार घुस गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि अर्टिगा के परखच्चे उड़ गए और मौके पर चीख-पुकार मच गई।
हादसे में कार सवार चालक समेत 3 साल के मासूम बच्चे की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक ही परिवार के तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों सवायजपुर सीएचसी में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।
कार में 5 लोग थे सवार, दिल्ली से प्रतापगढ़ जा रहा था परिवार
जानकारी के मुताबिक अर्टिगा कार में कुल 5 लोग सवार थे। कार दिल्ली से प्रतापगढ़ जा रही थी। कार में चालक के अलावा एक ही परिवार के चार सदस्य सवार थे।
हादसे में अर्टिगा चला रहे पवन शुक्ला (37) पुत्र रामखेलावन निवासी अयोध्या और 3 वर्षीय मासूम अद्विक मिश्रा की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि कार में पीछे बैठे जटाशंकर शुक्ला (57), उनकी बेटी पूजा मिश्रा (31) और दामाद आलोक मिश्रा (36) गंभीर रूप से घायल हो गए।
बताया जा रहा है कि जटाशंकर शुक्ला अपनी बेटी, दामाद और नाती के साथ दिल्ली से प्रतापगढ़ अपने घर जा रहे थे, तभी यह हादसा हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही पचदेवरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से क्षतिग्रस्त कार में फंसे लोगों को बड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला और तत्काल नजदीकी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया। जहां से डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद तीनों घायलों को जिला अस्पताल हरदोई रेफर कर दिया।
एसआई अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और सड़क किनारे बिना संकेत के खड़े ट्रक को हादसे की वजह माना जा रहा है। मामले की जांच की जा रही है।


Post a Comment