Zudio की फ्रेंचाइजी के नाम पर हुई ठगी में पीड़ित को वापस मिले 2.87 लाख
अब तक कुल 4.15 लाख की रिकवरी
DGP के Golden Hour अभियान के तहत कार्रवाई, दो बैंक खाते होल्ड कराकर कराई गई धनवापसी
उत्तर प्रदेश/शाहजहाँपुर।
उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण के निर्देश पर चलाए जा रहे साइबर अपराधों के विरुद्ध अभियान में जनपद शाहजहाँपुर की साइबर क्राइम पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने ऑनलाइन ठगी के शिकार हुए एक पीड़ित को 2 लाख 87 हजार 316 रुपये वापस दिलाए हैं। इस मामले में अब तक कुल 4 लाख 15 हजार 316 रुपये की रिकवरी की जा चुकी है।
यह कार्रवाई अपर पुलिस महानिदेशक बरेली जोन रमित शर्मा, पुलिस उपमहानिरीक्षक बरेली परिक्षेत्र अजय कुमार साहनी के निर्देशानुसार तथा पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक नगर देवेन्द्र कुमार व क्षेत्राधिकारी साइबर क्राइम शुभम वर्मा के पर्यवेक्षण में की गई।
क्या है पूरा मामला
थाना साइबर क्राइम में 9/2026 धारा 318(4) बी.एन.एस. एवं 66-डी आई.टी. एक्ट के तहत दर्ज मुकदमे में वादी दिवाकर विक्रम सिंह पुत्र सुरेशपाल सिंह, निवासी सदर खुदागंज, थाना खुदागंज, जनपद शाहजहाँपुर के साथ साइबर ठगों ने जूडियो ट्रेंड (Zudio Trend) की फ्रेंचाइजी दिलाने के नाम पर 5 लाख 23 हजार रुपये की ऑनलाइन ठगी की थी।
विवेचना के दौरान साइबर क्राइम थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना में प्रयुक्त दो बैंक खातों को होल्ड कराया था। पूर्व में दिनांक 21.07.2026 को पीड़ित के 1 लाख 28 हजार रुपये वापस कराए जा चुके थे। सतत पैरवी और बैंकों से समन्वय के बाद अब एक अन्य खाते से 2,87,316/- रुपये की धनराशि भी पीड़ित के खाते में वापस कराई गई है।
पुलिस टीम ने बताया कि शेष धनराशि की वापसी और आरोपियों के खिलाफ अन्य वैधानिक कार्रवाई के लिए विवेचना जारी है।
पुलिस ने अपील करते हुए कहा है कि सभी लोग जागरूक रहें - सतर्क रहें - साइबर अपराध से सुरक्षित रहें। साइबर अपराध होने पर तत्काल राष्ट्रीय साइबर अपराध हेल्पलाइन नम्बर 1930 पर कॉल करें अथवा राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं।

Post a Comment