कांवड़ यात्रा में डी0जे0 संचालकों एवं कांवड़ जत्था संचालकों के साथ गोष्ठी आयोजित
उत्तर प्रदेश
यूपी के शाहजहांपुर में पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित ने रिजर्व पुलिस लाइन, सभागार में आगामी श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराए जाने के उद्देश्य से जनपद के डीजे संचालकों एवं कांवड़ जत्था संचालकों के साथ गोष्ठी आयोजित की । जिसमें अपर पुलिस अधीक्षक नगर, क्षेत्राधिकारी नगर सहित जनपद के अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
गोष्ठी को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित ने कहा कि श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा जनमानस की आस्था से जुड़ा महत्वपूर्ण धार्मिक आयोजन है, जिसे शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराना पुलिस प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए पुलिस प्रशासन द्वारा व्यापक सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है, जिसमें सभी डीजे संचालकों एवं कांवड़ जत्था संचालकों का सहयोग अत्यंत आवश्यक है। शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों, उच्चतम न्यायालय एवं उच्च न्यायालय द्वारा समय-समय पर निर्गत आदेशों तथा ध्वनि प्रदूषण संबंधी प्रावधानों का पूर्णतः अनुपालन करने के निर्देश दिए। डीजे का संचालन केवल निर्धारित मानकों एवं स्वीकृत ध्वनि सीमा के अंतर्गत ही किया जाए तथा किसी भी दशा में निर्धारित सीमा से अधिक ध्वनि का प्रयोग न किया जाए। कांवड़ यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार के भड़काऊ, अश्लील, आपत्तिजनक अथवा धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुँचाने वाले गीत, संगीत अथवा नारों का प्रयोग न किया जाए। यात्रा के दौरान अनुशासन बनाए रखा जाए तथा ऐसा कोई कार्य न किया जाए जिससे कानून-व्यवस्था अथवा यातायात व्यवस्था प्रभावित हो। सभी कांवड़ जत्था संचालकों से अपने-अपने जत्थों के सदस्यों को संयमित एवं अनुशासित रखने तथा प्रशासन द्वारा निर्धारित मार्ग एवं समय का पालन सुनिश्चित कराने हेतु कहा गया।
पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित ने कहा कि यात्रा के दौरान यातायात नियमों का पूर्णतः पालन किया जाए, सड़क पर अनावश्यक रूप से वाहन अथवा डीजे खड़े कर आवागमन बाधित न किया जाए तथा किसी भी प्रकार की अफवाह अथवा भ्रामक सूचना पर विश्वास न करते हुए उसकी सत्यता की पुष्टि स्थानीय पुलिस से की जाए। यदि यात्रा के दौरान कोई संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु अथवा गतिविधि दिखाई दे तो उसकी सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस, डायल-112 अथवा संबंधित थाना प्रभारी को दी जाए। गोष्ठी में उपस्थित अधिकारियों द्वारा डीजे संचालकों एवं कांवड़ जत्था संचालकों को सुरक्षा व्यवस्था, विद्युत सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, आपदा की स्थिति में अपनाए जाने वाले उपायों तथा यात्रा के दौरान पुलिस प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित रखने के संबंध में भी विस्तार से जानकारी प्रदान की गई। साथ ही सभी से अपील की गई कि कांवड़ यात्रा के दौरान आपसी भाईचारा, सौहार्द एवं धार्मिक मर्यादाओं का पालन करते हुए पुलिस प्रशासन का पूर्ण सहयोग करें। अंत में पुलिस अधीक्षक महोदय ने सभी उपस्थित डीजे संचालकों एवं कांवड़ जत्था संचालकों से जनहित एवं कानून-व्यवस्था को सर्वोपरि रखते हुए यात्रा को सकुशल सम्पन्न कराने में सक्रिय सहयोग प्रदान करने की अपील की। उपस्थित सभी संचालकों द्वारा पुलिस प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने तथा शासन एवं प्रशासन द्वारा जारी समस्त दिशा-निर्देशों का पालन करने का आश्वासन दिया गया।
कांवड़ यात्रा के दौरान प्रत्येक थाना, चौकी अथवा पुलिस हल्के से प्रस्थान करने वाले प्रत्येक कांवड़ जत्थे के लिए संबंधित थाना स्तर पर एक नोडल उपनिरीक्षक नियुक्त किया जाएगा। नोडल उपनिरीक्षक यात्रा प्रारम्भ होने से पूर्व जत्थे से संबंधित आवश्यक जानकारी प्राप्त करेंगे तथा यात्रा के दौरान, अन्य जनपदों में प्रवेश के उपरांत भी, कांवड़ जत्थे के निरंतर संपर्क में रहेंगे, जिससे किसी भी प्रकार की समस्या न हो । उक्त के संबंध में जनपद के समस्त थानों पर कांवड़ जत्था संचालकों के साथ चरणबद्ध रूप से बैठकें आयोजित कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं ।
जनपद शाहजहाँपुर पुलिस आगामी श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम यातायात एवं प्रभावी कानून-व्यवस्था बनाए रखने हेतु पूर्ण रूप से प्रतिबद्ध है।


Post a Comment