डॉ सत्यप्रकाश मिश्रा ने अपने जन्मदिन पर किया वृक्षारोपण
शाहजहांपुर के प्रतिष्ठित समाजसेवी के रूप में जाने जाते हैं डॉ सत्यप्रकाश
उत्तर प्रदेश
यूपी के शाहजहांपुर में वरिष्ठ चिकित्सक एवं समाजसेवी डॉ. सत्यप्रकाश मिश्र ने अपना जन्मदिन सेवा और पर्यावरण संरक्षण को समर्पित करते हुए अनूठे अंदाज में मनाया। उन्होंने परिवार, मित्रों और शुभचिंतकों के साथ विभिन्न स्थानों पर पौधारोपण कर लोगों से जीवन के विशेष अवसरों को जनहित के कार्यों से जोड़ने का आह्वान किया। डॉ. मिश्र ने शीतला माता मंदिर, कांट स्थित ऑक्सफोर्ड स्कूल और राजभोग ढाबा परिसर में इमली, जामुन, नीम, पाकड़, अमलतास और गुलमोहर समेत विभिन्न छायादार एवं पर्यावरण हितैषी पौधे लगाए। उन्होंने कहा कि जन्मदिन पर केक काटने से अधिक संतोष एक पौधा लगाकर भविष्य की पीढ़ियों के लिए हरियाली और स्वच्छ वातावरण की सौगात देने में मिलता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि जन्मदिन, विवाह वर्षगांठ और अन्य विशेष अवसरों पर पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें। इस अवसर पर उनकी पत्नी रश्मि मिश्र, भाई डॉ. आनंद प्रकाश मिश्र, पुत्र डॉ. गौरव मिश्र, अधिवक्ता जयशंकर दीक्षित, अरविंद बाजपेई, उमेश दुबे, प्रमोद यादव, योगेश शर्मा, अखिलेश पाठक, सुशील मिश्रा, रामकृपाल, नरेंद्र शुक्ला, अनुज शुक्ला, राकेश कुमार सहित अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। सभी ने डॉ. सत्यप्रकाश मिश्र को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए उनके स्वस्थ, दीर्घायु एवं निरंतर समाजसेवा के जीवन की कामना की है।

Post a Comment