सीतापुर की पैंतेपुर की दुकानों पर 500 के नकली नोट खपाने की साजिश
संदिग्ध आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ में जुटी पुलिस
उत्तर प्रदेश/सीतापुर
यूपी के सीतापुर में महमूदाबाद थाना क्षेत्र में इस वक्त जाली नोट बाजार में खपाए जाने का काला कारोबार तेजी से फल फूल रहा है। पैंतेपुर कस्बे में नकली नोटों का धंधा चलाने की एक खतरनाक साजिश का खुलासा हुआ है। एक बेखौफ युवक ने कस्बे की चार अलग-अलग दुकानों पर पांच-पांच सौ के जाली नोट चला दिए। जब दुकानदारों को पैसों के लेन-देन में गड़बड़ी का अहसास हुआ और उन्होंने नोटों को बारीकी से जांचा, तो सच सामने आ गया। पीड़ित दुकानदारों ने तुरंत मामले की सूचना स्थानीय पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बरामद नकली नोटों को अपने कब्जे में ले लिया है और आरोपी युवक को हिरासत में लेकर गहन पूछताछ शुरू कर दी है।
एक के बाद एक कई दुकानों को बनाया निशाना
घटना की शुरुआत तब हुई जब रामपुरकलां के सरैंया निवासी नीरज जायसवाल, जो पैंतेपुर स्थित एक देशी शराब के ठेके पर बतौर सेल्समैन तैनात हैं, के पास मुबारकपुर का रहने वाला अमित उर्फ करन बुधवार की शाम शराब खरीदने पहुंचा। आरोप है कि वह पांच सौ का जाली नोट थमाकर शराब लेने की कोशिश कर रहा था। नीरज के मुताबिक यह आरोपी पहले भी दो बार इसी तरह पांच-पांच सौ के नकली नोट देकर शराब ले जा चुका था। इस बार जब नीरज को शक हुआ, तो उन्होंने नोट की कायदे से पड़ताल की, जिसमें वह पूरी तरह से फर्जी निकला। नीरज ने बिना वक्त गंवाए पुलिस में लिखित तहरीर दी। जांच आगे बढ़ी तो पता चला कि यह अकेला शिकार नहीं थाय बीते एक हफ्ते में कस्बे के श्याम मेडिकल के अवधेश जायसवाल, अंडा रोल का ठेला लगाने वाले साकिब और किराना व्यापारी इम्तियाज को भी इसी तरह 500 रुपये के जाली नोट थमाए गए थे।
कोतवाल भानु प्रताप सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पीड़ित सेल्समैन द्वारा सौंपे गए जाली नोटों को कब्जे में ले लिया गया है। पुलिस ने आरोपी अमित को थाने बुलाकर हिरासत में लिया है और उससे नेटवर्क के बारे में कड़ी पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इन नकली नोटों की छपाई कहां हो रही है और इस पूरे गिरोह में कौन-कौन शामिल हैं।

Post a Comment