विकास भवन स्थित मॉडल प्रेरणा कैंटीन का डीएम ने किया उद्घाटन
प्रत्येक ब्लॉक में स्थापित की जाएंगी प्रेरणा कैंटीनें: जिलाधिकारी
उत्तर प्रदेश
यूपी के शाहजहांपुर में गुरुवार को जिलाधिकारी धर्मेन्द्र प्रताप सिंह ने मुख्य विकास अधिकारी उत्कर्ष द्विवेदी के साथ विकास भवन परिसर में स्थित उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत स्थापित मॉडल प्रेरणा कैंटीन का फीता काटकर तथा शिलापट्ट का अनावरण कर उद्घाटन किया। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कैंटीन में उपलब्ध कराई जाने वाली खाद्य एवं पेय सामग्री के संबंध में जानकारी प्राप्त की। कैंटीन में चाय, कॉफी, नाश्ता, कढ़ी-चावल, छोले-भटूरे, मिनरल वाटर सहित अन्य खाद्य एवं पेय पदार्थ उपलब्ध रहेंगे।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि कैंटीन में गुणवत्तायुक्त एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई जाए, जिससे कलेक्ट्रेट एवं विकास भवन में प्रतिदिन आने वाले आमजन, अधिवक्तागण तथा अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्वच्छ एवं सुरक्षित खाने पीने की सुविधाएं प्राप्त हो सकें। उन्होंने कहा कि इसी प्रकार की प्रेरणा कैंटीनें जनपद के प्रत्येक ब्लॉक में स्थापित की जाएंगी, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में भी गुणवत्तापूर्ण खाद्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें तथा स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर प्राप्त हों।इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) रजनीश कुमार मिश्र, परियोजना निदेशक पीडीडीआरडीए अवधेश राम, जिला विकास अधिकारी ऋषिपाल सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।


Post a Comment