शाहजहांपुर में 24 नवंबर को मनाया जाएगा विशेष स्वास्थ्य दिवस
उत्तर प्रदेश/शाहजहाँपुर।
जनगणना 2027 के अंतर्गत स्वयं गणना कार्यक्रम को जन-जन तक पहुंचाने के लिए जिला प्रशासन ने विशेष पहल की है। जिलाधिकारी के निर्देशों एवं शासनादेश के अनुपालन में 24 नवंबर को विशेष स्वास्थ्य दिवस के रूप में मनाया जाएगा। इसके लिए इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी, शाखा शाहजहाँपुर के सचिव डॉ. विजय जौहरी को विशेष नोडल अधिकारी नामित किया गया है।
डॉ. जौहरी ने बताया कि इस जिम्मेदारी के तहत सोसाइटी स्वयं गणना के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने, विभिन्न संस्थाओं एवं संगठनों के बीच समन्वय स्थापित करने तथा अधिकाधिक नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित कराने में सक्रिय भूमिका निभाएगी। अभियान का उद्देश्य केवल स्वास्थ्य विभाग तक सीमित न रहकर समाज के प्रत्येक वर्ग, प्रत्येक परिवार और प्रत्येक नागरिक तक स्वयं गणना का संदेश पहुंचाना है।
उन्होंने जनपद के समस्त सरकारी एवं गैर-सरकारी चिकित्सा संस्थानों, मेडिकल कॉलेज, जिला चिकित्सालय, सामुदायिक एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, इंडियन मेडिकल एसोसिएशन, अखिल भारतीय आयुर्वेद महासम्मेलन, आयुर्वेदिक, होम्योपैथिक एवं यूनानी चिकित्सकों, योगाचार्यों, योग प्रशिक्षकों, आशा एवं एएनएम कार्यकर्ताओं, मेडिकल स्टोर संचालकों, मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव एवं दवा प्रतिनिधियों से अभियान में सक्रिय सहयोग की अपील की है।
इसके साथ ही व्यापारिक संगठनों, सामाजिक एवं स्वयंसेवी संस्थाओं, शैक्षणिक संस्थानों, शिक्षकों, विद्यार्थियों, जनप्रतिनिधियों, युवाओं, महिलाओं तथा समाज के प्रबुद्ध नागरिकों से भी आग्रह किया गया है कि वे अपने-अपने कार्यक्षेत्र, परिवार एवं संपर्क समूहों में स्वयं गणना के प्रति जागरूकता फैलाएं।
डॉ. जौहरी ने कहा कि जनगणना केवल सरकारी प्रक्रिया नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण से जुड़ा महत्वपूर्ण राष्ट्रीय दायित्व है। प्रत्येक निवासी अपने मोबाइल फोन के माध्यम से स्वयं गणना पोर्टल पर अपनी जानकारी दर्ज कर सकता है। सभी नागरिक स्वयं गणना पूर्ण करने के साथ अपने परिवार, परिचितों एवं आसपास के लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करें।
उन्होंने बताया कि विशेष स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर 24 नवंबर को इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी का कार्यालय भी खुला रहेगा। स्वयं गणना से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी, मार्गदर्शन अथवा सहयोग की आवश्यकता होने पर कोई भी व्यक्ति, संस्था या संगठन रेड क्रॉस कार्यालय से संपर्क कर सकता है।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सभी विभागों, चिकित्सा संगठनों, सामाजिक संस्थाओं एवं आम नागरिकों के सामूहिक प्रयासों से यह अभियान जनपदव्यापी जनसहभागिता अभियान बनेगा।

Post a Comment