डिजिटल लाइब्रेरी बदहाल, सीडीओ ने अधिकारियों को लगाई फटकार
उत्तर प्रदेश/शाहजहाँपुर।
विकास खण्ड भावलखेड़ा की ग्राम पंचायत सुन्दरनगर के ग्राम सचिवालय का सोमवार को हुए औचक निरीक्षण में बड़ी लापरवाही उजागर हुई है। निरीक्षण के दौरान ग्राम सचिवालय पर ताला लटका मिला, अंदर स्थापित डिजिटल पुस्तकालय बंद पड़ा था और परिसर में बड़ी-बड़ी जंगली घास उगी हुई मिली। इस पर निरीक्षण करने वाले अधिकारी ने कड़ी नाराजगी जताते हुए संबंधित कर्मचारियों को तत्काल व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए हैं।
प्राप्त प्रेस नोट के अनुसार, अधोहस्ताक्षरी अधिकारी द्वारा दिनांक 01-09-2026 को ग्राम सचिवालय ग्राम पंचायत सुन्दरनगर, विकास खण्ड भावलखेड़ा का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के समय उनके साथ श्री महेन्द्र पाल, अधिशासी अभियंता, लोक निर्माण विभाग, प्रांतीय खण्ड, श्री शशि बिन्द पाल, सहायक विकास अधिकारी (पंचायत), श्री उमाशंकर शर्मा, ग्राम विकास अधिकारी एवं ग्राम प्रधान श्री सदानन्द शर्मा आदि उपस्थित रहे।
सचिवालय पर लटका था ताला
निरीक्षण के लिए जब टीम ग्राम सचिवालय सुन्दर नगर पहुंची तो वहां ताला लगा हुआ पाया गया। अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद ताला खुलवाया गया। अंदर प्रवेश करने पर ग्राम सचिवालय में स्थापित डिजिटल पुस्तकालय (बाल एवं किशोर पुस्तकालय) की स्थिति बेहद खराब मिली।
जांच में पाया गया कि सरकार की महत्वाकांक्षी योजना के तहत बनाया गया डिजिटल पुस्तकालय सुचारू रूप से संचालित नहीं हो रहा है। पुस्तकालय में धूल जमी हुई थी और किताबें अव्यवस्थित पड़ी थीं। साथ ही ग्राम सचिवालय की बाउंड्रीवाल के अंदर बड़ी-बड़ी जंगली घास खड़ी मिली, जिससे साफ था कि लंबे समय से साफ-सफाई नहीं कराई गई है।
अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
इस लापरवाही पर मौके पर मौजूद सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) शशि बिन्द पाल एवं ग्राम विकास अधिकारी उमाशंकर शर्मा को कड़े निर्देश दिए गए। अधिकारी ने निर्देशित किया कि डिजिटल पुस्तकालय को तत्काल सुचारू रूप से संचालित कराया जाए, ताकि गांव के बच्चों और किशोरों को इसका लाभ मिल सके, साथ ही ग्राम सचिवालय परिसर की साफ-सफाई व्यवस्था भी तत्काल सुनिश्चित की जाए।
मुख्य विकास अधिकारी उत्कृष्ट द्विवेदी ने चेतावनी भी दी है कि दोबारा निरीक्षण किए जाने पर यदि स्थिति संतोषजनक नहीं पाई गई, तो संबंधित जिम्मेदार अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध कठोर विभागीय कार्रवाई की जाएगी। इस औचक निरीक्षण के बाद ब्लॉक के अन्य ग्राम पंचायतों में भी हड़कंप मचा हुआ है।


Post a Comment