Top News

शाहजहांपुर: स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर जिला कारागार में सजा कवि सम्मेलन,

 



देशभक्ति के रंग में रंगा जेल परिसर

उत्तर प्रदेश/शाहजहांपुर। 

देश के 80 वें स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर जिला कारागार, शाहजहांपुर में देशभक्ति, साहित्य और मानवीय संवेदनाओं से ओत-प्रोत भव्य कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया।


कार्यक्रम में जनपद न्यायाधीश धर्मेन्द्र कुमार पाण्डेय ने मुख्य अतिथि के रूप में गरिमामयी उपस्थिति प्रदान की। इस अवसर पर अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश प्रथम सुरेश कुमार शर्मा, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अपेक्षा सिंह सहित न्यायिक एवं प्रशासनिक अधिकारियों की उपस्थिति ने कार्यक्रम की गरिमा को और बढ़ा दिया।


कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं अन्य विशिष्ट अतिथियों द्वारा माँ सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन एवं पुष्पार्चन के साथ किया गया। जेल अधीक्षक जे.पी. तिवारी द्वारा मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों का पुष्पगुच्छ, शॉल एवं स्मृति-चिन्ह भेंट कर आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।


कवि सम्मेलन में प्रदेश के विभिन्न जनपदों से पधारे प्रतिष्ठित कवियों एवं कवयित्रियों ने देशभक्ति, वीर रस, हास्य-व्यंग्य एवं सामाजिक सरोकारों से जुड़ी अपनी रचनाओं से ऐसा समां बांधा कि कारागार परिसर बार-बार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय एकता को समर्पित काव्य रचनाओं ने उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं बंदियों को भावविभोर कर दिया।


इस अवसर पर जनपद न्यायाधीश ने अपने संबोधन में स्वतंत्रता के महत्व, राष्ट्र के प्रति कर्तव्यों तथा व्यक्ति के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन एवं सुधार की आवश्यकता पर प्रकाश डाला। उन्होंने कारागार में बंदियों के मानसिक, शैक्षिक एवं सांस्कृतिक उत्थान के लिए आयोजित इस प्रकार के रचनात्मक कार्यक्रमों की सराहना की।


जेल अधीक्षक जे.पी. तिवारी ने सभी अतिथियों एवं कविगण के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि कारागार केवल निरुद्ध रखने का स्थान नहीं बल्कि सुधार, शिक्षा और सकारात्मक पुनर्निर्माण का केंद्र भी है। साहित्य और संस्कृति व्यक्ति के भीतर सकारात्मक चेतना जगाने का सशक्त माध्यम है।


कार्यक्रम में कारागार के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में बंदी उपस्थित रहे। राष्ट्रप्रेम, साहित्य और मानवीय संवेदनाओं के अद्भुत संगम के साथ कवि सम्मेलन अत्यंत उत्साहपूर्ण एवं भावपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ।

Post a Comment

Previous Post Next Post

🎧 LIVE FM RADIO




🔊 Volume