राष्ट्रगान एवं वंदे मातरम् के साथ हुआ ध्वजारोहण, उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को किया गया सम्मानित
उत्तर प्रदेश/शाहजहाँपुर।
वन एवं वन्यजीव प्रभाग के प्रांगण में 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षाेल्लास एवं देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रभागीय वनाधिकारी सचिन कुमार ने की। प्रभागीय वनाधिकारी सचिन कुमार एवं उप प्रभागीय वनाधिकारी डा. सुशील कुमार द्वारा ध्वजारोहण किया गया। इसके उपरांत राष्ट्रगान के साथ राष्ट्रीय एकीकरण की प्रतिज्ञा दिलाई गई। इस अवसर पर प्रभागीय वनाधिकारी सचिन कुमार ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रत्येक अधिकारी-कर्मचारी को सरकार द्वारा सौंपे गए दायित्वों का निष्ठा एवं ईमानदारी से निर्वहन करना चाहिए। उन्होंने जनसहभागिता के माध्यम से शहीदों की नगरी शाहजहाँपुर को और अधिक सुंदर, स्वच्छ एवं हरित बनाने का आह्वान किया। उप प्रभागीय वनाधिकारी डा. सुशील कुमार ने राष्ट्र के प्रति सच्चे प्रेम एवं समर्पण की भावना के साथ अपने दायित्वों का ईमानदारीपूर्वक निर्वहन करने की अपील की। अपर जिला सांख्यकीय अधिकारी अनिल कुमार, प्रशासनिक अधिकारी अवनीश सक्सेना एवं वरिष्ठ सहायक नीतू वर्मा ने सभी को 80वें स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए अपने विचार व्यक्त किए। रोटेरियन अजय शर्मा ने स्वतंत्रता संग्राम के शहीदों को नमन करते हुए उनकी कुर्बानियों को स्मरण किया। लोक भारतीय महानगर संयोजक आलोक मिश्रा ने स्वतंत्रता दिवस की बधाई देते हुए पर्यावरण संरक्षण एवं धरती को हरित बनाने में वन विभाग द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना की। कार्यक्रम के दौरान वन दरोगा के पद पर पदोन्नत हुए संतोष गौण को स्टार लगाकर सम्मानित किया गया। विभिन्न रेन्जों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले रामकृपाल, रामऔतार, धर्मपाल, अशोक कुमार वाजपेयी, अशोक यादव को पुरस्कृत किया गया, वहीं कार्यालय परिसर में अपने महत्वपूर्ण योगदान से उत्कृष्ट कार्य करने वाले धर्मेन्द्र, कृपाशंकर, बालिस्टर सिंह, जाकिर अली, मुन्ना लाल, आजाद मोहम्मद, प्रदीप कुमार गौतम, हरि प्रसाद एवं अन्य कर्मचारियों को नमामि गंगे की ओर से पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। वृक्षारोपण अभियान 2026 को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले नबील, अंकित, गुफरान एवं सत्येन्द्र को भी उनके सराहनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया। जिला परियोजना अधिकारी डा. विनय कुमार सक्सेना ने ‘हर घर हर घाट तिरंगा’ अभियान के अंतर्गत राष्ट्रभक्ति का संदेश देते हुए सभी को वंदे मातरम् का सामूहिक गान कराया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय पर्व केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं, बल्कि देश के प्रति अपने कर्तव्यों और जिम्मेदारियों को याद करने का भी अवसर है। कार्यक्रम को सफल बनाने में स्टोर कीपर अरविन्द सक्सेना, आदेश, अनुभवी, अधीर त्रिवेदी सहित वन विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों का विशेष सहयोग रहा। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रप्रेम, पर्यावरण संरक्षण एवं जनसहभागिता के संकल्प के साथ हुआ।

Post a Comment