गर्रा, खन्नौत, रामगंगा और गंगा सभी खतरे के निशान से नीचे बह रहीं
गंगा खतरे से सिर्फ 35 सेमी नीचे, प्रशासन ने जारी किया अलर्ट
उत्तर प्रदेश/शाहजहांपुर
जल निगम / बाढ़ खण्ड द्वारा 01 अगस्त को प्रातः 08:00 बजे जारी की गई रिपोर्ट के अनुसार जनपद की सभी चार प्रमुख नदियां खतरे के निशान से नीचे बह रही हैं। हालांकि गंगा नदी का जलस्तर खतरे के निशान के बेहद करीब पहुंच गया है।
जारी रिपोर्ट के अनुसार गंगा नदी भैंसार ढाई घाट तटबंध पर खतरे के निशान 143.650 मीटर के सापेक्ष 143.300 मीटर पर बह रही है, जो खतरे के निशान से मात्र 0.350 मीटर नीचे है।
वहीं रामगंगा नदी डबरी घाट पर खतरे के निशान 137.300 मीटर के सापेक्ष 134.390 मीटर पर बह रही है, जो खतरे से 2.910 मीटर नीचे है।
गर्रा नदी अजीजगंज पुल पर खतरे के निशान 148.800 मीटर के सापेक्ष 143.850 मीटर पर बह रही है, जो खतरे से 4.950 मीटर नीचे है। खन्नौत नदी लोधीपुर पुल पर खतरे के निशान 145.750 मीटर के सापेक्ष 142.800 मीटर पर बह रही है, जो 2.950 मीटर नीचे है।
डिस्चार्ज की स्थिति -
रिपोर्ट में बताया गया है कि दूनी बैराज से गर्रा नदी में पास हो रहा पानी का डिस्चार्ज शून्य क्यूसेक है। जबकि कटना नदी में 1700 क्यूसेक पानी पास हो रहा है, जो शाहजहाँपुर से पहले गर्रा नदी में मिल जाती है।
फिलहाल जनपद में बाढ़ जैसी स्थिति नहीं है लेकिन गंगा नदी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए तटवर्ती इलाकों में प्रशासन की नजर बनी हुई है।

Post a Comment