Top News

गोरखपुर: मासूम की हत्याकांड में चार और गिरफ्तार, भेजा जेल

 


खजनी कांड में साजिश का खुलासा, मुख्य आरोपी पहले ही भेजा जा चुका है जेल

उत्तर प्रदेश /गोरखपुर। 

यूपी के गोरखपुर में खजनी थाना क्षेत्र में 10 वर्षीय मासूम के अपहरण और हत्या के सनसनीखेज मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए साजिश में शामिल दो पुरुष और दो महिलाओं को गिरफ्तार किया है। इस मामले का मुख्य आरोपी पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। अब पुलिस ने इस जघन्य अपराध में शामिल अन्य आरोपियों को भी पकड़कर पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया है।

पुलिस के अनुसार, 27 जुलाई 2026 को वादी ने अपने 10 वर्षीय पुत्र के अचानक लापता होने की सूचना थाना खजनी में दी थी। इस पर पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान सामने आया कि पड़ोस में रहने वाले सर्वेश भट्ट ने बच्चे को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया था। बाद में उसकी हत्या कर दी गई, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई थी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक दक्षिणी के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी खजनी के पर्यवेक्षण में थाना खजनी की टीम ने लगातार छानबीन की। साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर यह स्पष्ट हुआ कि घटना केवल एक व्यक्ति द्वारा नहीं, बल्कि एक सोची-समझी साजिश के तहत अंजाम दी गई थी, जिसमें परिवार और परिचितों की भी भूमिका रही।

इसी क्रम में पुलिस ने हरिनरायण शर्मा, सत्येन्द्र कुमार भट्ट उर्फ जिले, अनामिका शर्मा और बबली शर्मा को गिरफ्तार किया। पूछताछ में सामने आया कि इन सभी ने मिलकर वारदात की साजिश रची और मुख्य आरोपी का सहयोग किया। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ अपहरण व हत्या से संबंधित गंभीर धाराओं में कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

इस हत्याकांड के खुलासे के बाद क्षेत्र में फैले आक्रोश के बीच पुलिस की कार्रवाई से कुछ हद तक लोगों को राहत मिली है। हालांकि, मासूम की निर्मम हत्या ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है और लोगों में अब भी गहरा गुस्सा व्याप्त है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post

🎧 LIVE FM RADIO




🔊 Volume