![]() |
| फोटो: जन्मदिन पर रक्तदान करते रेड क्रॉस के पदाधिकारी |
उत्तर प्रदेश/शाहजहांपुर
यूपी के शाहजहाँपुर में इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी के आजीवन सदस्य अग्रज जौहरी ने अपने जन्मदिवस के अवसर पर शासकीय मेडिकल कॉलेज के रक्तकोष विभाग में स्वैच्छिक रक्तदान कर युवाओं के लिए एक प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया। इस अवसर पर उन्होंने "माँ ने दिया जीवनदान, हम दें रक्तदान" जनजागरूकता अभियान का शुभारंभ करते हुए सभी युवाओं से अपने जन्मदिवस पर रक्तदान करने का आह्वान किया।
रक्तदान के उपरांत अग्रज जौहरी ने रक्तदान प्रमाण-पत्र प्राप्त करते हुए उसे रक्तकोष विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. जीतू राज सिंह को वापस सौंपते हुए कहा कि यदि उनका यह रक्त किसी जरूरतमंद की जान बचाने में सहायक बन सके, तो यही उनके जीवन का सबसे बड़ा उपहार होगा।
इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी, जनपद शाखा के सचिव डॉ. विजय जौहरी ने बताया कि जन्मदिन केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं है, बल्कि समाज के प्रति अपने दायित्व का निर्वहन करने का भी श्रेष्ठ अवसर है। उन्होंने कहा कि जब कोई शिशु जन्म लेता है, तब उसकी माता गर्भावस्था और प्रसव के दौरान अनेक कष्ट सहकर उसे जीवन प्रदान करती है। प्रसव के समय रक्तस्राव एक स्वाभाविक प्रक्रिया है। इसी त्याग, ममता और समर्पण के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने के लिए जन्मदिवस पर रक्तदान का संकल्प एक प्रेरणादायक सामाजिक संदेश बन सकता है।
उन्होंने कहा कि जिस प्रकार माँ अपने त्याग, ममता और संघर्ष से नई पीढ़ी को जीवन देती है, उसी प्रकार प्रत्येक स्वस्थ युवा यदि अपने जन्मदिवस पर स्वैच्छिक रक्तदान का संकल्प ले, तो वह मातृऋण के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने के साथ-साथ किसी जरूरतमंद को नया जीवन देने का भी श्रेष्ठ माध्यम बन सकता है।
डॉ. विजय जौहरी ने कहा कि एक यूनिट रक्त कई मरीजों के उपचार में सहायक होता है तथा दुर्घटना, शल्य चिकित्सा, प्रसूति, थैलेसीमिया एवं अन्य गंभीर रोगों से पीड़ित मरीजों के लिए जीवनरक्षक सिद्ध होता है। यदि प्रत्येक स्वस्थ युवा अपने जन्मदिवस पर रक्तदान करने का संकल्प ले, तो रक्त की कमी की समस्या काफी हद तक समाप्त हो सकती है।
उन्होंने सभी युवाओं से रेड क्रॉस के "जन्मदिवस पर रक्तदान–जीवनदान" जनजागरूकता अभियान से जुड़ने का आह्वान करते हुए कहा कि रक्तदान केवल रक्त का दान नहीं, बल्कि किसी अनजान व्यक्ति के जीवन में नई आशा का संचार करने का सबसे महान माध्यम है।
इस अवसर पर रक्तकोष विभाग के चिकित्सकों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने अग्रज जौहरी को जन्मदिवस की शुभकामनाएँ दीं तथा उनके इस प्रेरणादायी सामाजिक कार्य की सराहना की।


Post a Comment