Top News

शाहजहांपुर: स्मार्ट सिटी योजना अंतर्गत गांधी भवन के सौंदर्यीकरण कार्य का लोकार्पण



वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने सौंदर्यीकरण कार्य का किया लोकार्पण

उत्तर प्रदेश 

यूपी के शाहजहांपुर में उत्तर प्रदेश सरकार के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने टाउन हॉल स्थित राज्य स्मार्ट सिटी योजना के अंतर्गत 4 करोड़ 62 लाख 62 हजार रुपये की लागत से कराए गए गांधी भवन के सौंदर्यीकरण कार्य का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने गांधी जी की प्रतिमा का अनावरण किया तथा फीता काटकर एवं भगवान गणेश की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित एवं माल्यार्पण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।लोकार्पण अवसर पर वित्त मंत्री ने सभी उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं नागरिकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने जिलाधिकारी धर्मेन्द्र प्रताप सिंह द्वारा जनपद में विकास कार्यों के प्रति विशेष रुचि लेकर प्रभावी मॉनिटरिंग एवं गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित कराने के लिए उनकी सराहना की।

वित्त मंत्री ने संबोधित करते हुए कहा कि स्मार्ट सिटी योजना के अंतर्गत गांधी प्रेक्षागृह का सौंदर्यीकरण कराया गया है तथा नगर के प्रवेश  मार्गों सहित विभिन्न सड़कों के चौड़ीकरण एवं सौंदर्यीकरण का कार्य भी तेजी से प्रगति पर है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सभी परियोजनाओं के पूर्ण होने के पश्चात शाहजहांपुर का स्वरूप पूरी तरह बदला हुआ दिखाई देगा।



उन्होंने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री ने स्मार्ट सिटी परियोजनाओं के लिए लगभग 350 करोड़ रुपये उपलब्ध कराए गए हैं, जिसके माध्यम से जनपद में व्यापक विकास कार्य कराए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि उनका निरंतर प्रयास है कि प्रदेश के अन्य विकसित नगरों की तर्ज पर शाहजहांपुर में भी उत्कृष्ट विकास कार्य कराए जाएं। वित्त मंत्री ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री एवं प्रदेश के मुख्यमंत्री दिन-रात देश और प्रदेश के विकास तथा नागरिकों के कल्याण के लिए कार्य कर रहे हैं। उन्होंने नागरिकों से सकारात्मक सोच अपनाने और विकास कार्यों में सहयोग करने का आह्वान किया। इस दौरान उन्होंने दुकानदारों द्वारा दुकानों के सामने लगी ग्रिल से बाहर सड़क पर सामान रखकर विक्रय किए जाने पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी दुकानदार अपने सामान को निर्धारित सीमा के भीतर ही रखें, जिससे आवागमन बाधित न हो और शहर की सुंदरता भी बनी रहे। उन्होंने कहा कि दिसंबर तक नगर की अधिकांश सड़कों के कार्य पूर्ण हो जाएंगे, जिससे नागरिकों को बेहतर सुविधाएं प्राप्त होंगी।

वित्त मंत्री ने महापौर एवं नगर आयुक्त को निर्देशित किया कि शहर के मुख्य मार्गों पर रात्रिकालीन सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, जिससे प्रातः भ्रमण करने वाले नागरिकों को स्वच्छ एवं सुंदर वातावरण प्राप्त हो सके। महापौर अर्चना वर्मा ने कहा कि गांधी भवन शहर की सांस्कृतिक धरोहर रहा है तथा इस मंच से अनेक कलाकारों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर पहचान बनाई है। उन्होंने कहा कि वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना के प्रयासों से गांधी भवन को एक नई पहचान और आधुनिक स्वरूप प्राप्त हुआ है। उन्होंने कहा कि शाहजहांपुर शहीदों की धरती है और इसकी पहचान को मजबूत करने के लिए निरंतर कार्य किए जा रहे हैं। नगर निगम बनने के बाद शहर में अनेक विकास परियोजनाएं संचालित हुई हैं और कई कार्य वर्तमान में प्रगति पर हैं। 

सांसद अरुण कुमार सागर ने कहा कि वित्त मंत्री जी की दूरदर्शी सोच, कर्तव्यनिष्ठा और विकास के प्रति समर्पण के कारण शाहजहांपुर प्रदेश के अग्रणी जनपदों में शामिल हो रहा है। उन्होंने कहा कि पूर्व में गांधी भवन ही विभिन्न कार्यक्रमों का प्रमुख केंद्र हुआ करता था, जबकि आज वित्त मंत्री की प्रेरणा से अटल बिहारी वाजपेयी ऑडिटोरियम, सामुदायिक केंद्र सहित अनेक महत्वपूर्ण परियोजनाएं साकार हुई हैं।

राज्यसभा सांसद मिथिलेश कुमार कठेरिया ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी ऑडिटोरियम के निर्माण से पूर्व अधिकांश कार्यक्रम गांधी भवन में ही आयोजित किए जाते थे। गांधी भवन के नवीनीकरण एवं आधुनिकीकरण से यह परिसर अब और अधिक आकर्षक एवं उपयोगी बन गया है। उन्होंने कहा कि वित्त मंत्री जी द्वारा शहर की सड़कों के चौड़ीकरण एवं विकास कार्यों के माध्यम से शाहजहांपुर को नई दिशा प्रदान की जा रही है।

कार्यक्रम में तिलहर विधायक सलोना कुशवाहा, एमएलसी डॉ. सुधीर गुप्ता, महानगर अध्यक्ष शिल्पी गुप्ता, जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष डी.पी.एस. राठौर, जिलाध्यक्ष के.सी. मिश्रा, विनीत मिश्रा, पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित, नगर आयुक्त सौम्या गुरुरानी, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) रजनीश कुमार मिश्र सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post

🎧 LIVE FM RADIO




🔊 Volume