Top News

फर्रुखाबाद:कांवड़ यात्रा से पहले सड़क सुरक्षा का रोडमैप, ब्लैक स्पॉट से लेकर हाईवे तक सुधार की डेडलाइन

 

फोटो पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक करती डीएम 

हादसों पर रोक पहली प्राथमिकता, खराब सड़कें, बुझी लाइटें और नियम तोड़ने वालों पर एक साथ होगी कार्रवाई

उत्तर प्रदेश/फर्रुखाबाद 

यूपी के फर्रुखाबाद में जिलाधिकारी डॉ अंकुर लाठर ने कांवड़ यात्रा और मानसून के दौरान सड़क हादसों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक करते हुए तैयारियों के संबंध में वार्ता की । गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर की अध्यक्षता में जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक हुई। पुलिस अधीक्षक आरती सिंह की मौजूदगी में अधिकारियों को ब्लैक स्पॉट सुधारने, हाईवे की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और यातायात नियमों का कड़ाई से पालन कराने के निर्देश दिए गए।

डीएम ने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण और लोक निर्माण विभाग को दुर्घटना संभावित स्थलों का तत्काल सुधार कराने, क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत, संकेतक, रिफ्लेक्टर, स्पीड ब्रेकर और चेतावनी बोर्ड मानकों के अनुरूप लगाने के निर्देश दिए। कांवड़ यात्रा को देखते हुए प्रमुख मार्गों की स्ट्रीट लाइटें दुरुस्त करने तथा बारिश में जलभराव रोकने के लिए हाईवे किनारे नालों की समयबद्ध सफाई सुनिश्चित करने को भी कहा।

उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा केवल सरकारी जिम्मेदारी नहीं, बल्कि जनभागीदारी से ही प्रभावी हो सकती है। परिवहन, पुलिस और लोक निर्माण विभाग को संयुक्त अभियान चलाकर स्कूलों, कॉलेजों और सार्वजनिक स्थानों पर जागरूकता बढ़ाने के निर्देश दिए गए। बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट, ओवरस्पीडिंग, ओवरलोडिंग और नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ नियमित प्रवर्तन अभियान जारी रखने के भी निर्देश दिए।

बैठक में दुर्घटना के बाद ‘गोल्डन ऑवर’ के भीतर घायलों को त्वरित उपचार उपलब्ध कराने के लिए स्वास्थ्य विभाग और संबंधित एजेंसियों के बेहतर समन्वय पर भी जोर दिया गया। विभिन्न विभागों की प्रगति समीक्षा के बाद डीएम ने सभी कार्य तय समय सीमा में गुणवत्ता के साथ पूरे करने के निर्देश दिए।

बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक गिरीश कुमार, जिला विद्यालय निरीक्षक संजीव कुमार, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी विश्वनाथ प्रताप सिंह, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी, लोक निर्माण विभाग के अधिशाषी अभियंता समेत संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post

🎧 LIVE FM RADIO




🔊 Volume