Top News

कन्नौज : "नशा मुक्त युवा – विकसित भारत" अभियान का आगाज

 





नशा मुक्ति अभियान के अंतर्गत आठ जनपदीय प्रतियोगिताओं का भव्य आयोजन,
 राज्य स्तरीय प्रतियोगिता हेतु चयनित हुए विजेता

उत्तर प्रदेश/कन्नौज

युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत मेरा युवा भारत, कन्नौज द्वारा "नशा मुक्त युवा – विकसित भारत" अभियान के अंतर्गत जनपद स्तरीय आठ रचनात्मक प्रतियोगिताओं का आयोजन आज कन्नौज पब्लिक स्कूल, कन्नौज में गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को "नशा मुक्त भारत 2047" के राष्ट्रीय संकल्प से जोड़ते हुए नशामुक्त समाज के निर्माण में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना तथा उनकी रचनात्मक प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना था।

कार्यक्रम का शुभारम्भ मुख्य विकास अधिकारी राजेन्द्र कुमार श्रीनिवास, जिला विद्यालय निरीक्षक पप्पू सरोज, जिला युवा अधिकारी सागर माहेश्वरी, कन्नौज पब्लिक स्कूल के प्रबंधक प्रदीप कुमार तिवारी, निदेशक राजा तिवारी, प्रधानाचार्या स्वाति दुबे, राजकीय महिला महाविद्यालय, बंगर की प्राचार्या डॉ. ऋतु सिंह तथा राजकीय पुरातत्व संग्रहालय के अध्यक्ष राम प्रकाश यादव द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर एवं स्वामी विवेकानन्द के चित्र पर माल्यार्पण कर किया गया। कार्यक्रम का शुभारम्भ राष्ट्रगीत "वन्दे मातरम्" के सामूहिक गायन से हुआ।

मुख्य विकास अधिकारी राजेन्द्र कुमार श्रीनिवास ने अपने संबोधन में कहा कि विकसित भारत का निर्माण तभी संभव है जब देश का युवा नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहकर अपनी ऊर्जा राष्ट्र निर्माण, नवाचार, खेल एवं समाज सेवा में लगाए। उन्होंने युवाओं का आह्वान किया कि वे स्वयं नशे से दूर रहें तथा अपने परिवार एवं समाज को भी नशा मुक्त बनाने का संकल्प लें। उन्होंने कहा कि प्रत्येक युवा यदि कम से कम एक व्यक्ति को नशे से दूर करने का प्रयास करे तो यह अभियान एक जनआंदोलन का स्वरूप ग्रहण कर सकता है।




जिला विद्यालय निरीक्षक पप्पू सरोज ने कहा कि विद्यालय केवल शिक्षा प्राप्त करने का माध्यम नहीं बल्कि संस्कार, अनुशासन एवं व्यक्तित्व निर्माण का केंद्र है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने समय का सदुपयोग शिक्षा, खेल, साहित्य, सांस्कृतिक गतिविधियों एवं सामाजिक कार्यों में करने का आह्वान करते हुए कहा कि युवाओं को अपने आचरण से समाज के लिए प्रेरणा बनना चाहिए।

जिला युवा अधिकारी सागर माहेश्वरी ने कहा कि मेरा युवा भारत युवाओं में नेतृत्व क्षमता, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं राष्ट्र सेवा की भावना विकसित करने का कार्य कर रहा है। उन्होंने बताया कि "नशा मुक्त युवा – विकसित भारत" अभियान आगामी 100 सप्ताह तक जनजागरूकता कार्यक्रमों, खेल गतिविधियों, प्रतियोगिताओं, सामुदायिक सेवा, शपथ अभियान एवं अन्य रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से निरंतर संचालित किया जाएगा। उन्होंने सभी युवाओं से अधिकाधिक संख्या में मेरा युवा भारत से जुड़कर इस राष्ट्रव्यापी अभियान का सक्रिय भागीदार बनने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के अंतर्गत 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं हेतु लोकगीत, लोकनृत्य, नुक्कड़ नाटक, चित्रकला, भाषण, स्लोगन लेखन, कविता पाठ तथा रील प्रतियोगिता सहित कुल आठ प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। जनपद के विभिन्न विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं शिक्षण संस्थानों से आए प्रतिभागियों ने नशा मुक्ति विषय पर अपनी उत्कृष्ट प्रस्तुतियों के माध्यम से निर्णायक मंडल एवं उपस्थित जनसमूह को प्रभावित किया।

प्रतियोगिताओं के परिणाम इस प्रकार रहे – लोकगीत प्रतियोगिता में प्रथम प्रियांशी, द्वितीय वैष्णवी मौर्य एवं तृतीय प्रिया रहीं। लोकनृत्य प्रतियोगिता में प्रथम कुमारी दीप्ति, द्वितीय प्रिया एवं तृतीय फलक रहीं। चित्रकला प्रतियोगिता में प्रथम ऐश्वर्या शुक्ला, द्वितीय नैतिक वैश्य एवं तृतीय पारुल रहे। भाषण प्रतियोगिता में प्रथम रोशनी सैनी, द्वितीय नीलेश यादव एवं तृतीय प्रिया रहीं। स्लोगन लेखन प्रतियोगिता में प्रथम यश कटियार, द्वितीय आयुषी सिंह एवं तृतीय कृतिका पटेल रहीं। कविता पाठ प्रतियोगिता में प्रथम आरव मिश्रा, द्वितीय सृष्टि वर्मा एवं तृतीय खुशी रहीं। रील प्रतियोगिता में प्रथम शिवा राजपूत, द्वितीय मोनू पाल एवं तृतीय अवनीश पाल रहे। नुक्कड़ नाटक प्रतियोगिता में प्रथम स्थान "अदालत-2026" दल (दल प्रमुख – अंशु), द्वितीय स्थान "नशे का दुष्परिणाम" दल (दल प्रमुख – ऋषिका) तथा तृतीय स्थान "पारिवारिक नशा मुक्ति" दल (दल प्रमुख – अंतिमा) ने प्राप्त किया। सभी प्रथम स्थान प्राप्त विजेता प्रतिभागी आगामी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में जनपद कन्नौज का प्रतिनिधित्व करेंगे।




कार्यक्रम के दौरान सभी प्रतिभागियों एवं उपस्थित अतिथियों द्वारा सामूहिक रूप से नशा मुक्ति शपथ ग्रहण की गई तथा हस्ताक्षर अभियान के माध्यम से नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लिया गया। इसके उपरांत विजेता प्रतिभागियों को स्मृति चिन्ह एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान एवं सामूहिक छायाचित्र के साथ हुआ।

प्रतियोगिताओं का निष्पक्ष मूल्यांकन करने में निर्णायक के रूप में आरती, पूर्णिमा देवी, स्नेहलता, रचना वर्मा, अनुराधा, डॉ. शिवराय मौर्य, अनुज दुबे, योगेन्द्र कुमार, सुशील तिवारी, वीरेन्द्र कुमार, अंकित चौधरी, अमित कुमार, सश्मित द्विवेदी, सुनीति, महेन्द्र सिंह, डॉ. प्रेमशंकर सिंह, डॉ. पी.पी. यादव, अम्बरीन फातिमा, मोहम्मद तस्लीम, अजय त्रिपाठी, मोहम्मद मुन्नबर, प्रिया यादव, अभिषेक दुबे, अभिषेक पाण्डेय एवं अभिज्ञान बाजपेयी ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

कार्यक्रम का प्रभावी मंच संचालन मेरा युवा भारत की जिला ब्रांड एम्बेसडर साक्षी सिंह द्वारा किया गया, जबकि कार्यक्रम की समस्त व्यवस्थाओं का सफल समन्वय शिवांक श्रीवास्तव द्वारा किया गया।

कार्यक्रम को सफल बनाने में मेरा युवा भारत के राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवक विकास कुमार, विजय, अस्मित कटियार, शिवम सक्सेना, अंजली श्रीवास्तव, गोल्डी, युगी कटियार, वैष्णवी कटियार, रोहित, सचिन, आदर्श कुमार, श्याम सुंदर शाक्य, आदित्य यादव, पलक, दुर्गेश कुमार शर्मा, सुमित कुमार, दीपक कुमार, नीलेश कुमार एवं आख्या कटियार ने विभिन्न व्यवस्थाओं का सफलतापूर्वक दायित्व निभाया। इसके अतिरिक्त चक्रेश पाण्डेय, कन्नौज पब्लिक स्कूल के समस्त शिक्षकगण एवं सहयोगी स्टाफ का कार्यक्रम के सफल आयोजन में विशेष सहयोग प्राप्त हुआ।

कार्यक्रम के अंत में जिला युवा अधिकारी सागर माहेश्वरी ने सभी अतिथियों, निर्णायकों, शिक्षकों, प्रतिभागियों एवं स्वयंसेवकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएँ युवाओं की रचनात्मक क्षमता को नई दिशा प्रदान करने के साथ-साथ उन्हें राष्ट्र निर्माण एवं नशामुक्त भारत के संकल्प से जोड़ने का प्रभावी माध्यम हैं। उन्होंने सभी युवाओं से अपने-अपने क्षेत्रों में नशा मुक्ति के संदेश को जन-जन तक पहुँचाने का आह्वान किया।

Post a Comment

Previous Post Next Post

🎧 LIVE FM RADIO




🔊 Volume