Top News

शाहजहांपुर: अब बिना डॉक्टर के फिंगरप्रिंट लगे नहीं होगा अल्ट्रासाउंड: डीएम


जिलाधिकारी की पहल पर जनपद के अल्ट्रासाउंड केंद्रों पर लागू होगी नई तकनीक, 

अब डॉक्टर के फिंगरप्रिंट से ही संचालित होगी अल्ट्रासाउंड मशीन

उत्तर प्रदेश/शाहजहांपुर 

यूपी के शाहजहांपुर जनपद में अल्ट्रासाउंड केंद्रों पर बिना चिकित्सक की उपस्थिति के अनधिकृत व्यक्तियों द्वारा अल्ट्रासाउंड किए जाने तथा भ्रूण लिंग जांच संबंधी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी धर्मेन्द्र प्रताप सिंह ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। इसी क्रम में जिलाधिकारी ने मुख्य विकास अधिकारी उत्कर्ष द्विवेदी एवं मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विवेक कुमार मिश्रा के साथ सदर बाजार क्षेत्र स्थित चौधरी डायग्नोस्टिक सेंटर पहुंचकर नई तकनीकी व्यवस्था का अवलोकन किया।

जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि जनपद में प्राप्त हो रही शिकायतों के प्रभावी निराकरण एवं अल्ट्रासाउंड केंद्रों पर पारदर्शिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से अब ऐसी तकनीक लागू की जा रही है, जिसके अंतर्गत अल्ट्रासाउंड मशीनें केवल संबंधित पंजीकृत चिकित्सक के फिंगरप्रिंट (बायोमेट्रिक सत्यापन) के बाद ही संचालित हो सकेगी। चिकित्सक की अनुपस्थिति में मशीन किसी भी स्थिति में प्रारंभ नहीं होगी, जिससे अनधिकृत व्यक्तियों द्वारा अल्ट्रासाउंड किए जाने पर प्रभावी रोक लगाई जा सकेगी।



उन्होंने कहा कि इस तकनीक के माध्यम से मशीन के संचालन का संपूर्ण रिकॉर्ड भी सुरक्षित रहेगा, जिससे प्रत्येक अल्ट्रासाउंड की जानकारी उपलब्ध रहेगी तथा किसी भी शिकायत की स्थिति में उसका सत्यापन आसानी से किया जा सकेगा। इससे भ्रूण लिंग जांच जैसे अवैध एवं दंडनीय कृत्यों पर भी प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने में सहायता मिलेगी।

जिलाधिकारी ने कहा कि यह व्यवस्था चरणबद्ध रूप से जनपद के सभी अल्ट्रासाउंड केंद्रों पर लागू कराई जाएगी। इसका उद्देश्य केवल तकनीकी परिवर्तन करना नहीं, बल्कि मरीजों को सुरक्षित, पारदर्शी एवं नियमों के अनुरूप स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना तथा पीसीपीएनडीटी अधिनियम का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित कराना है।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि नई प्रणाली लागू होने के बाद अल्ट्रासाउंड केंद्रों की निगरानी और अधिक प्रभावी होगी तथा निर्धारित मानकों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई भी सुनिश्चित की जाएगी।


Post a Comment

أحدث أقدم

🎧 LIVE FM RADIO




🔊 Volume